Fitness Mantra In Meerut: रहिए फिट तो तभी हर काम में रहेंगे हिट, जानिए सुबह व्यायाम के फायदे
Fitness Mantra फिजियोथिरेपिस्ट डा. मोहित शर्मा जहां दूसरों को शारीरिक रूप से फिट रखने के लिए फिजियो कराते हैं खुद भी योग और व्यायाम करते हैं। जिससे वह खुद को फिट भी रखते हैं। उन्होंने अपनी दिनचर्या के यहां साझा भी किया है।
मेरठ, [विवेक राव]। Fitness Mantra कोविड -19 वैश्विक महामारी के समय लोगों ने अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना शुरू किया है। साफ सफाई से लेकर अपने शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए लोग अपनी दिनचर्या को नियमित भी कर रहे हैं। बाहर भले ही घूमने से बच रहे हैं, लेकिन अपने घर में नियमित योग और अभ्यास जरूर कर रहे हैं। उनकी सेहत पर भी इसका लाभ दिख रहा है। फिजियोथिरेपिस्ट डा. मोहित शर्मा जहां दूसरों को शारीरिक रूप से फिट रखने के लिए फिजियो कराते हैं, खुद भी योग और व्यायाम करते हैं। जिससे वह खुद को फिट भी रखते हैं। उन्होंने अपनी दिनचर्या के यहां साझा भी किया है।
सुबह पांच बजे छोड़ देते हैं बिस्तर
सुबह पांच बजे डा. मोहित बिस्तर छोड़ देते हैं। चिड़ियों को दाना और गाय को पानी देकर वह अपनी छत पर सुबह साढ़े पांच बजे से साढ़े छह बजे तक नियमित व्यायाम और योग अभ्यास करते हैं। योग और व्यायाम कोई भी मौसम है, वह जरूर करते हैं। उनका कहना है कि दिसंबर से फरवरी तक ब्रेन और हार्ट अटैक का खतरा सबसे अधिक रहता है। इस दौरान रक्त गाढ़ा हो जाता है। इससे बचने के लिए एक ही रास्ता है वह है नियमित व्यायाम करना है। शारीरिक श्रम न करने की वजह से शरीर में कई तरह की परेशानी भी आ जाती है।
एक घंटे व्यायाम के फायदे बहुत
डा. मोहित बताते हैं यह जरूरी नहीं है कि आप बाहर किसी पार्क में दौड़ने जाए, अपने घर की छत पर भी बहुत कुछ किया जा सकता है। वह खुद पिछले कई साल से अभ्यास कर रहे हैं। सुबह के अभ्यास से काफी लाभ मिला है। सुबह की साफ हवा फेफड़े को मजबूत करती है। रक्त को जमने से भी रोकती है, मांसपेशियां भी मजबूत रहती हैं। नियमित व्यायाम से शुगर और ब्लडप्रेशर को भी नियंत्रित कर पाया। वह बताते हैं कि व्यायाम और योग करने से आर्थराइटिस और जोड़ों के हर तरह के दर्द से भी निजात मिलती है। इसके अलावा अवसाद की स्थिति से भी बताती है।