Fitness Mantra In Meerut: दिनचर्या को नियमित कीजिए फिर सेहत बेहतर रहेगी, मार्निंग वाक और योग से मिलेगा लाभ
Fitness Mantra बीएवी इंटर कालेज के भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता डा. प्रवीण शर्मा सुबह पांच बजे बिस्तर छोड़ देते हैं। सुबह उठने के बाद वह सबसे पहले मार्निंग वाक पर निकलते हैं। फिर प्राणायाम भ्रामरी कपालभाति और अनुलोम विलोम का नियमित अभ्यास करते हैं।
मेरठ, [विवेक राव]। Fitness Mantra कोविड ने लोगों को अपने स्वास्थ्य को लेकर सजग किया है। अस्त व्यस्त दिनचर्या को नियमित करना शुरू किया। जिससे उनकी सेहत भी सुधरी है। साथ ही दिनचर्या को अनुशासित करने से कितना लाभ मिल सकता है। इसके विषय में भी वह जान गए हैं। फिटनेस मंत्र में बीएवी इंटर कालेज के भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता डा. प्रवीण कुमार शर्मा ने अपनी दिनचर्या को साझा भी किया।
सुबह पांच बजे उठकर मार्निंग वाक
डा. प्रवीण शर्मा सुबह पांच बजे बिस्तर छोड़ देते हैं। सुबह उठने के बाद वह सबसे पहले मार्निंग वाक पर निकलते हैं। फिर प्राणायाम, भ्रामरी, कपालभाति और अनुलोम विलोम का नियमित अभ्यास करते हैं। सुबह के टहलने और योग, प्राणायाम करने से उन्हें काफी फायदा हुआ है। वह बताते हैं कि दिन भर की भागदौड़ के बीच में सुबह का अभ्यास बहुत जरूरी है। इससे पूरे दिन चुस्ती रहती है। मानसिक और शारीरिक रूप से भी मजबूती रहती है।
स्वास्थ्य सबसे बड़ा धन
प्रवीण शर्मा बताते हैं कि कोविड के समय जब शरीर के अंदर रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की बात आई तो उस समय योग और प्राणायाम ही वह माध्यम रहा, जिससे लोगों का आत्मविश्वास बढ़ा। कोरोना से बचने के लिए भी योग को नियमित करना शुरू किया। जिसका लाभ भी मिला। वह कहते हैं कि स्वास्थ्य से बढ़कर कुछ भी नहीं हो सकता है। आप चाहे कितने भी व्यस्त रहते हो, दिन में कुछ समय अपने शरीर के लिए जरूर निकालना चाहिए। क्योंकि शरीर स्वस्थ रहेगा तभी आप कोई भी काम कर पाएंगे। वह बताते हैं कि वह अपने छात्रों को भी नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित करते हैं। शुरू से ही अगर हम अपनी दिनचर्या को सही रखते हैं तो शुगर, बीपी, तनाव जैसी समस्या से पूरी तरह से बच सकते हैं।