Fitness Mantra In Meerut: यदि फिट रहना है तो नियमित अभ्यास करना ही होगा
Fitness Mantra डा. मनोज रोज सुबह छह बजे उठते हैं। फिर एक घंटे नियमित योग करते हैं। शुगर की समस्या होने की वजह से सुबह टहलने से डाक्टर ने मना किया है। इसलिए वह योग के साथ आधे घंटे एक्साइज वाली साइकिल चलाते हैं।
मेरठ, [विवेक राव]। Fitness Mantra स्वास्थ्य से बड़ा कोई धन नहीं होता है। कोविड ने यह हम सभी को बता दिया है। पहले जो लोग सुबह उठने के बाद कोई शारीरिक अभ्यास नहीं करते थे। वह अब नियमित अभ्यास करने लगे हैं। इससे उनके स्वास्थ्य को भी लाभ हुआ है। डीएन डिग्री कालेज के शिक्षक व प्रवक्ता डा. मनोज सिंह ने अब अपनी दिनचर्या में योग को भी शामिल कर लिया है। वह रोज योग का अभ्यास करते हैं। इससे उनके स्वास्थ्य को भी बहुत लाभ पहुंचा है।
हर रोज एक घंटे योग करते हैं
डा.मनोज रोज सुबह छह बजे उठते हैं। फिर एक घंटे नियमित योग करते हैं। शुगर की समस्या होने की वजह से सुबह टहलने से डाक्टर ने मना किया है। इसलिए वह योग के साथ आधे घंटे एक्साइज वाली साइकिल चलाते हैं। गर्मियों में वह रोज सुबह पांच बजे उठकर पांच किलोमीटर पैदल भी चलते थे। कोरोना आया तो बाहर घूमना बंद हुआ तो उन्होंने घर पर ही अभ्यास करना शुरू किया। वह बताते हैं कि योग नियमित करने से शुगर भी नियंत्रित हुआ है।
आसन के भी नियम हैं
विशेषज्ञों की माने तो योगासन करने के नियम हैं, अगर नियम से आसन किया जाए। तो इसका फर्क शरीर पर दिखता है। आसन कभी भी खाली पेट करना चाहिए। सूर्योदय और सूर्यास्त का समय इसके लिए अच्छा है। सभी को अपने लिए उपयोगी आसान का अध्ययन करना चाहिए। फिर उसी का अभ्यास करना चाहिए। आसानों के सबसे अंत में शवासन जरूर करना चाहिए। लेटकर अगर कोई आसन करते हैं तो उसमें एक सीधा और एक उल्टा करना चाहिए। इससे मेरुदंड का संतुलन बना रहता है।