फिटनेस मंत्र: दिखना चाहते हैं युवा तो जरूर कीजिए शीर्षासन
योग के जानकार ओमपाल शास्त्री का कहना है कि शीर्षासन करने से पेट की हर बीमारी से राहत मिलती है। शरीर पूरी तरह से स्वस्थ रहता है। अगर आपके बाल झड़ते हैं सफेद होते हैं तो शीर्षासन इसमें सबसे अधिक लाभकारी हो सकता है।
मेरठ, जेएनएन। हर किसी की इच्छा होती है, कि वह पूरी तरह से स्वस्थ रहे। हमेशा युवा दिखता रहे। ऐसी कोई दवा नहीं बनी, जिसके सेवन करने से शरीर युवा रह सके। लेकिन विशेषज्ञों की माने तो योग में ऐसी शक्ति है कि नियमित कुछ आसन किए जाएं तो लंबे समय तक शरीर को युवा रखा जा सकता है। कोविड के समय में एक बार फिर से लोगों की दिनचर्या में योग अभ्यास पहले से ज्यादा शामिल हुआ है। चौधरी चरण सिंह विवि में संस्कृत विभाग के शिक्षक ओमपाल शास्त्री शीर्षासन करते हैं, जिससे वह पूरी तरह से खुद को स्वस्थ रखे हुए हैं।
सुबह उठने और सोने का नियमित समय
ओमपाल शास्त्री का कहना है कि सुबह सूर्योदय से पहले उठना उनकी दिनचर्या में शामिल है सुबह जल्दी उठना और रात में जल्दी सोने से शरीर को लाभ मिलता है। सुबह उठने के बाद वह कुछ देर टहलते हैं, फिर योग का अभ्यास करते हैं। योग में वह शीर्षासन जरूर करते हैं, योग के जानकार ओमपाल शास्त्री का कहना है कि शीर्षासन करने से पेट की हर बीमारी से राहत मिलती है। शरीर पूरी तरह से स्वस्थ रहता है। अगर आपके बाल झड़ते हैं, सफेद होते हैं तो शीर्षासन इसमें सबसे अधिक लाभकारी हो सकता है। इस समय जब एक बार फिर से कोरोना का खतरा बढ़ रहा है, ऐेसे में शीर्षासन करने से रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है। दिमाग में ब्लड सर्कुलेशन भी ठीक रहता है। इस आसन के करने से आत्मविश्वास भी बना रहता है। इसके करने से चेहरे पर झुर्रिया भी खत्म हो जाती हैं।
खाली पेट करें आसान
ओमपाल शास्त्री का कहना है कि अगर शीर्षासन करना है तो खाली पेट करना चाहिए। इस आसन को करने के लिए कुछ बाध्यता भी है, अगर किसी की आंख कमजोर है, ब्लडप्रेशर है, कमरदर्द की शिकायत है उसे यह आसान नहीं करना चाहिए। इसके लिए वह किसी योग प्रशिक्षक से संपर्क कर जानकारी भी ले सकते हैं।