Firing in Meerut: मेरठ के फलावदा में वर्चस्व को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन बच्चों समेत बारह को लगी गोली
Firing in Meerut फलावदा के मोहल्ला बंजारान में मीर साहब और बंजारों में वर्चस्व को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इसमें बंजारा पक्ष के तीन बच्चों समेत दस लोग गोली लगने से घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छह लोगों को हिरासत में लिया है।
मेरठ, जेएनएन। फलावदा क्षेत्र के मोहल्ला बंजारान में मीर साहब पक्ष और बंजारों के बीच वर्चस्व की जंग ने खूनी रूप ले लिया। मंगलवार देर रात हुई धुआंधार फायरिंग में बंजारा पक्ष की ओर से तीन बच्चों समेत बारह लोगों को गोली लगी है। सभी को मेरठ स्थित न्यूटिमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इनमें से तीन लोगों को पहले मवाना सीएचसी ले जाया गया था लेकिन बाद में उन्हें भी न्यूटिमा अस्पताल ले जाया गया। तीनों बच्चों की हालत चिंताजनक बताई गई है। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है।
यह है मामला
फलावदा के मोहल्ला बंजारान में बंजारा पक्ष और मीरसाहब पक्ष के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद होता रहता है। मंगलवार रात सलमान बंजारा के घर के बाहर काफी लोग खड़े थे। बताया जा रहा है कि सलमान पक्ष के अकबर ने थाने के सामने हाल ही में करोड़ों रुपये की जमीन खरीदी है। चर्चाओं के अनुसार अकबर द्वारा जमीन खरीदने को मीरसाबह पक्ष के फरहान ने ठीक नहीं माना था। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ ही देर में मीर साहब पक्ष की तरफ से फरहान, शानू, सुहेब, गुलफाम और रेहान समेत काफी लोग हाथों में तमंचे लेकर आ गए, जिन्होंने बंजारों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बंजारों की तरफ से भी कुछ लोगों ने फायरिंग की। फायरिंग के दौरान बंजारा पक्ष के सलमान, हाजी पीरू, मेहताब, साबिर, फिरोज, शाद अली, फुरकान, चंदवा उर्फ काला, इरशाद, दिलशाद, सुलतान समेत 12 लोग घायल हो गए। इनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। इधर, ताबड़तोड़ फायरिंग की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया, पुलिस मौके पर पहुंची। इसी बीच घायलों को उठाकर बंजारा पक्ष के लोग मेरठ के न्यूटिमा अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि तीन लोगों को छर्रे लगे हैं, जबकि बाकी को गोली लगी है। घटना के बाद पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घायल अकबर पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि मीरसाहब पक्ष के लोग सलमान के घर में घुसकर रंगदारी मांग रहे थे। रंगदारी नहीं देने पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। थानाध्यक्ष शिववीर भदौरिया का कहना है कि फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
इन्होंने बताया
फलावदा में वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में फायरिंग हो गई। सभी घायलों को पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छह हमलावरों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों तरफ की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
- अजय साहनी, एसएसपी।