रंगदारी नहीं देने पर दुकान में लगाई आग
एक लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर दबंगों ने जूता व्यापारी की दुकान में आग लगा दी। व्यापारी का लाखों का माल जलकर राख हो गया।
मेरठ, जेएनएन। एक लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर दबंगों ने जूता व्यापारी की दुकान में आग लगा दी। व्यापारी का लाखों का माल जलकर राख हो गया। व्यापारी ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली थाना क्षेत्र के शाहघासा स्थित पियाऊ वाली गली निवासी अकबर पुत्र शमशाद की लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के शकूर नगर में दुकान है। आरोप है कि क्षेत्र के ही सोनू, बिलाल, आबिद, अरशद, शारिक, शिबली और हाजी अरशद पिछले कई दिनों से एक लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। अकबर ने विरोध किया तो आरोपितों ने उसकी पिटाई भी की थी। पैसे नहीं देने पर गुरुवार तड़के आरोपितों ने मिलकर उसकी दुकान में आग लगा दी। दमकल विभाग ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। अकबर ने लिसाड़ी गेट थाने में आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, सीओ कोतवाली अरविद कुमार चौरसिया का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। यदि इस तरह के आरोप है तो जांच कराकर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
देवर पर दुष्कर्म का आरोप
लिसाड़ी गेट निवासी विवाहिता ने देवर पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पीड़िता ने बताया कि देवर ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने आरोपित ने उसकी पिटाई कर दी। पीड़िता ने पति को आपबीती सुनाई तो उसने भी उसे पीटकर घर से निकाल दिया। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
वाहन चोर गिरफ्तार, स्कूटी बरामद
सदर बाजार थाना प्रभारी दिनेश चंद्र ने बताया कि गुरुवार को उनकी टीम सोफिया स्कूल के समीप चेकिग कर रही थी। उसी दौरान पुलिस ने स्कूटी सवार संदिग्ध को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर आरोपित बेगमपुल की तरफ फरार हो गया। उनकी टीम ने आरोपित का पीछा कर उसे बेगमपुल चौकी के समीप से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की स्कूटी के दस्तावेज चेक किये तो स्कूटी चोरी की निकली। आरोपित की पहचान देवी प्रसाद पुत्र मूलचंद सैनी निवासी ग्राम मोरटा थाना मुरादनगर गाजियाबाद के रुप में हुई।