मेरठ में कैरम बोर्ड बनाने के अवैध कारखाने में लगी भीषण आग, घरों में धुंआ भरने से बच्चे बेहोश
अभी दो दिन पहले ही पेंट बनाने की अवैध फैक्ट्री में आग लगने की घटना के बाद गुरुवार की रात को मेरठ में अवैध रूप से चल रहे कैरम बोर्ड बनाने के कारखाने में आग से अफरातफरी मच गई। घरों में धुआं पहुंचने से कई बच्चे भी बेहोश हो गए।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ में रिहायशी इलाके में अवैध रूप से चल रहे कैरम बोर्ड बनाने के कारखाने में भीषण आग लग गई। आग का धुआं आसपास के घरों में घुस गया गया। जिसकी वजह से इलाके के कई बच्चे बेहोश हो गए। वहीं, इमारत के पास बने घरों की दीवार भी चटक गई। बाद में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर मशक्कत से काबू पाया।
दमकल विभाग को किया सूचित
कोतवाली थाना क्षेत्र के सराय बहलीम निवासी नासिर सैफी पुत्र हाजी सिराज सैफी का लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के जाकिर कालोनी में कैरम बोर्ड बनाने का कारखाना है। गुरुवार शाम नासिर कारखाना बंद कर घर चले गए थे। देर रात कारखाने से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने स्थानीय पार्षद राशिद अंसारी को सूचना दी। उन्होंने तत्काल दमकल विभाग को सूचित किया।
कई बच्चे को गए बेहोश
कारखाने के अंदर कैरम बनाने की लकड़ी, बने हुए बोर्ड और सिलेंडर रखे हुए थे। जिसकी वजह से आग पूरे गोदाम में फैल गई। आग की वजह से कारखाने के आसपास बने घरों में धुआं भर गया और कई बच्चे बेहोश हो गए। दमकल विभाग ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भीषण आग पर काबू पाया। अग्निशमन अधिकारी संतोष राय ने बताया कि आग बुझाने के लिए एक दर्जन गाडिय़ां लगीं। इसके अलावा आग लगने के कारण का स्पष्ट पता नहीं चला है।
धमाके के साथ फटे सिलेंडर
कारखाने के अंदर दो सिलेंडर रखे हुए थे। आग लगने पर सिलेंडर धमाके के साथ फट गए। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ। आग की वजह से आसपास के घरों की दीवारों में भी दरार आ गई। वहीं, स्थानीय लोगों ने रिहायशी इलाके में अवैध रुप से चल रहे कारखाने के खिलाफ हंगामा किया।