पत्नी से विवाद हुआ तो बच्चे संग दुबई गया पति
प्रेम विवाह के बाद रिश्ते में दरार पड़ी तो चार साल के बेटे को लेकर पिता दुबई चला गया।
मेरठ, जेएनएन। प्रेम विवाह के बाद रिश्ते में दरार पड़ी तो चार साल के बेटे को लेकर पिता दुबई चला गया। महिला ने पति पर बच्चे को अगवा करने का आरोप लगाते हुए कंकरखेड़ा थाने में तहरीर दी है। पुलिस युवक पर दुबई से वापस लौटने का दबाव बना रही है।
लालकुर्ती क्षेत्र निवासी बिल्डर की बेटी का कंकरखेड़ा के यूरोपियन एन्कलेव निवासी युवक से प्रेम विवाह हुआ था। पांच साल तक दोनों साथ रहे। दंपती का एक बेटा भी है। कुछ दिनों से दंपती में विवाद हुआ और कलह बढ़ गई। मामला मारपीट तक पहुंच गया। महिला का कहना है कि उसके पिता के कारोबार भी उसका पति ही देखता है। आरोप है कि पति ने पहले उसे पीटा। उसके बाद चार साल के बच्चे को लेकर दुबई चला गया। एक माह से महिला बच्चे की बरामदगी को लेकर अफसरों से शिकायत कर रही है। शनिवार को मुजफ्फरनगर की क्राइम ब्रांच में तैनात एक इंस्पेक्टर महिला पक्ष से सिफारिश को कंकरखेड़ा थाने पहुंचे थे। महिला ने पति के खिलाफ थाने में तहरीर दी। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि दुबई गए युवक से संपर्क किया है। उसे बच्चे समेत भारत आने के लिए समझाया गया है। युवक नहीं आता है तो उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।