मेरठ में बेखौफ बदमाश : सड़कों पर पुलिस फिर भी ई-रिक्शा पर सवार महिला से लूट
मेरठ में प्रभात नगर निवासी बबीता रविवार को रक्षाबंधन के लिए मायके घंटाघर आई थीं। शाम को वह सदर क्षेत्र में अपनी मां के साथ रिश्तेदार से मिलने गई थीं। रात को दोनों रिक्शे से घंटाघर जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने आकर मोबाइल लूट लिया।
मेरठ, जागरण संवाददाता। मेरठ की सड़कों पर पुलिस फोर्स होने के बावजूद भी बदमाशों के हौसले बुलंद रहे। रविवार रात ई-रिक्शा से मायके जा रही महिला से स्कूटी सवार युवकों ने मोबाइल लूट लिया। शोर मचाने पर बाइक सवार युवक ने पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आए। पुलिस ने भी कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चला। पीडि़ता ने तहरीर दे दी है। पुलिस बदमाशों पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।
यह है मामला
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के प्रभात नगर निवासी बबीता रविवार को रक्षाबंधन के लिए मायके घंटाघर आई थीं। शाम को वह सदर क्षेत्र में अपनी मां के साथ रिश्तेदार से मिलने गई थीं। रात को दोनों रिक्शे से घंटाघर जा रहे थे। जैसे ही वेस्टर्न रोड स्थित एसडी सदर स्कूल के पास पहुंचे तो बबीता के फोन की घंटी बज गई। वह मोबाइल पर बात करने लगी, तभी पीछे से स्कूटी पर आए तीन युवकों ने मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। आसपास के लोगों ने पीछा भी किया, लेकिन हाथ नहीं आए। सूचना पर थाना पुलिस और फैंटमकर्मी भी पहुंच गए थे, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला। इसके बाद पीडि़ता ने थाने में तहरीर दे दी थी। थाना प्रभारी ने बिजेंद्र राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया जा रहा है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
किसी का मोबाइल तो किसी का पर्स साफ
त्योहार के चलते रविवार सुबह से ही रोडवेज बस स्टैंड पर भीड़ थी। इसकेे चलते ही जेबकतरे भी एक्टिव हो गए थे। सदर क्षेत्र में भैंसाली डिपो पर दिन भर में कई लोगों की जेब को चोरों ने साफ कर दिया। एक-दो युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि कई को पुलिस ने दबोचा था। इस दौरान चर्चा रही कि चोरों ने किसी का मोबाइल तो किसी के गले से चेन भी साफ कर दी थी। हालांकि इस संबंध में किसी ने भी थाने में शिकायत नहीं की। पुलिस ने दिन भर में 12 लड़के फैज आलम, शोएब, बिलाल, दानिश, इम्मू निवासी लिसाड़ी गेट थाना, अंकित, शिवा, आकिल निवासी ब्रह्मपुरी, अलतमश निवासी नौचंदी, मवाना निवासी जानी और किला परीक्षितगढ़ निवासी सोनू को पकड़ा था। थाना प्रभारी ने बताया कि भैंसाली डिपो पर घूम 12 संदिग्ध युवकों को पकड़ा था। किसी ने कोई भी तहरीर नहीं दी है। सभी के स्वजन को बुलाकर सौंप दिया।