विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्कूल भवन में ITC कंपनी की नकली सिगरेट बनाने की फैक्ट्री पकड़ी, डेढ़ करोड़ का माल बरामद; दिल्ली का कारोबारी गिरफ्तार 

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 04 Sep 2026 06:16 AM (IST)

Meerut News: मेरठ के गांंव दूधली खादर में एक स्कूल भवन में चल रही नकली सिगरेट फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ, ...और पढ़ें

दूधली खादर गांव के समीप चलती म‍िली नकली सिगरेट बनाने की फैक्ट्री। जागरण

दूधली खादर गांव के समीप चलती म‍िली नकली सिगरेट बनाने की फैक्ट्री। जागरण 

HighLights

  1. यूपी, हरियाणा, महाराष्ट्र, एमपी, राजस्थान और दिल्ली में हो रही थी नकली सि‍गरेट की सप्लाई।

  2. कंबोडिया से कच्चा माल और राजस्थान से तंबाकू खरीदकर तैयार की जा रही थी सिगरेट।

  3. मेरठ के हस्तिनापुर के गांव दूधली खादर में एक स्कूल के भवन में चल रही थी यह फैक्ट्री।

संवाद सहयोगी, हस्तिनापुर (मेरठ)। गांव दूधली खादर में गौशाला के पास एक स्कूल के भवन में देश की एक बड़ी आइटीसी कंपनी की नकली सिगरेट बनाने की फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था। पुलिस ने कंपनी के अधिकारियों के साथ मिलकर छापा मारकर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की सिगरेट और 50 लाख रुपये की मशीनें बरामद कीं।

इस धंधे का संचालन कर रहे दिल्ली के कारोबारी रवि किशोर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि कंपनी के अधिकारी पिछले एक महीने से इस नकली फैक्ट्री की रेकी कर रहे थे। पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि सिगरेट बनाने के लिए कच्चा माल कंबोडिया और तंबाकू राजस्थान से मंगाया जा रहा था।

पुलि‍स के अनुसार रवि किशोर पिछले छह माह से हस्तिनापुर के दूधली खादर में पुराने स्कूली भवन में सिगरेट बनाने का कारखाना चला रहा था। इस कारखाने में देश की सबसे बड़ी आइटीएसी सिगरेट कंपनी की सिगरेट बनाई जा रही थी।

कारखाने के अंदर गोल्ड फ्लेक, क्लासिक, विल्स नेवी कट, इंडिया किंग्स, इंसिग्निया, सैसर्स, प्लैयर्स और ब्रिस्टल ब्रांड तैयार किए जा रहे थे। कंबोडिया से कच्चा माल और राजस्थान से तंबाकू खरीदकर सिगरेट तैयार की जा रही थी। उसके बाद यूपी, हरियाणा, महाराष्ट्र, एमपी, राजस्थान और दिल्ली में सिगरेट की बड़े पैमाने पर सप्लाई दी जा रही थी।

प्रतिदिन करीब 50 लाख का माल सप्लाई किया जा रहा था। बाजार में आइटीसी का नकली माल आने पर कंपनी की बिक्री पर अचालन ही इसका प्रभाव देखने को मिला। तब कंपनी के अधिकारियों ने मामले की गोपनीय तरीके से पड़ताल कराई। करीब एक महीने की रेकी के बाद पता चला कि हस्तिापुर के खादर में नकली सिगरेट बनाने का कारखाना संचालित हो रहा है।

उसके बाद कंपनी के सेल्स अधिकारी रिशु मिश्रा ने मामले की जानकारी एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति को दी। उन्होंने एसपी देहात अभिजीत के नेतृत्व में पुलिस की टीम का गठन किया। गुरुवार की रात के समय पुलिस टीम ने आइटीसी कंपनियों के अधिकारियों को लेकर छापामारी की।

मौके से कंपनी के मालिक रवि किशोर को पकड़ लिया, जबकि अन्य कर्मचारी भाग खड़े हुए। फैक्ट्री में मौके से करीब डेढ़ करोड़ कीमत की सिगरेट और 50 लाख कीमत की मशीने व कच्चा माल बरामद किया गया। रवि किशोर ने अपने हस्तिनापुर के कुछ युवकों को साथ लेकर स्कूल का पुराना भवन किराए पर लिया था। पिछले छह माह से वह उक्त धंधे को कर रहा था।

हस्तिनापुर में संचालित हो रही सिगरेट की नकली फैक्ट्री पकड़ी गई है। करीब डेढ़ करोड़ की सिगरेट और मशीनें तथा कच्चा माल बरामद किया गया है। नकली फैक्ट्री चलाने वाले दिल्ली के कारोबारी रवि किशोर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ के बाद अन्य आरोपितों की जानकारी जुटाई जा रही है। कंपनी के अधिकारियों की तरफ से तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
-बीबीजीटीएस मूर्ति, एसएसपी