विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पेंटिंग बनाकर स्कूल से लेकर नेशनल लेवल तक कैश प्राइज, लैपटॉप और फ्री टूर जीतने का मौका! प्रतियोगिता की पूरी डिटेल

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 15 Oct 2026 04:09 PM (IST)

भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय द्वारा 2026 में स्कूली बच्चों के लिए ऊर्जा संरक्षण पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो।

प्रतीकात्मक फोटो।

HighLights

  1. बच्चों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करने का लक्ष्य।

  2. प्रतियोगिता की थीम है ऊर्जा सुरक्षा के लिए ऊर्जा संरक्षण।

जागरण संवाददाता, मेरठ। ऊर्जा बचाने का संदेश अब स्कूली बच्चे अपने चित्रों के जरिए देंगे। भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय की ओर से वर्ष 2026 की स्कूल स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें कक्षा पांच से 10वीं तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार के साथ लैपटाप, टैबलेट और पदक भी दिए जाएंगे।

ब्यूरो आफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) के माध्यम से आयोजित इस प्रतियोगिता का मकसद बच्चों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उत्तर प्रदेश के बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

दो विषयों पर बना सकेंगे चित्र

इस बार प्रतियोगिता की थीम 'एनर्जी कंजर्वेशन फार एनर्जी सिक्योरिटी' यानी ऊर्जा सुरक्षा के लिए ऊर्जा संरक्षण रखी गई है। विद्यार्थी 'स्कूल और घर में ऊर्जा बचाएं' और 'ऊर्जा संरक्षण ही ऊर्जा सुरक्षा की कुंजी है' विषयों पर चित्र बना सकेंगे।

प्रतियोगिता दो समूहों में होगी। समूह-ए में कक्षा पांच से सात और समूह-बी में कक्षा आठ से 10वीं तक के विद्यार्थी शामिल होंगे। स्कूल स्तर पर हर समूह के लिए दो घंटे का पेंटिंग सत्र आयोजित किया जाएगा। विद्यालयों को हर समूह से दो सर्वश्रेष्ठ चित्र चुनकर संबंधित राज्य नोडल अधिकारी को भेजने होंगे।

चित्र के पीछे विद्यार्थी का नाम, कक्षा, माता-पिता का नाम, मोबाइल नंबर, स्कूल का नाम और पता, राज्य का नाम और ड्राइंग शीट का सीरियल नंबर हिंदी या अंग्रेजी के बड़े अक्षरों में लिखना जरूरी होगा।

25 अक्टूबर तक भेजनी होंगी प्रविष्टियां

विद्यालयों को चयनित चित्र और विद्यार्थियों का पूरा विवरण 25 अक्टूबर 2026 तक संबंधित नोडल अधिकारी को भेजना होगा। इसके बाद राज्य स्तर की प्रतियोगिता 14 से 21 नवंबर के बीच आयोजित की जाएगी। इसमें हर समूह के 50 चयनित विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रतियोगिता की निर्धारित तिथि के लिए स्कूलों को राज्य नोडल अधिकारी से संपर्क करना होगा।

राज्य स्तर पर दोनों समूहों में प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी को 50 हजार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 30 हजार और तीसरे स्थान के विजेता को 20 हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा हर समूह के 10 विद्यार्थियों को 7,500-7,500 रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा। दोनों समूहों के शीर्ष तीन विजेता राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर एक लाख रुपये और लैपटाप

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 11 दिसंबर 2026 को दिल्ली में होगी। इसमें विद्यार्थियों को ढाई घंटे में मौके पर ही पेंटिंग बनानी होगी। दोनों समूहों में प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, लैपटाप और स्वर्ण पदक दिया जाएगा। दूसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को 50 हजार रुपये, लैपटाप और रजत पदक, जबकि तीसरे स्थान के विजेता को 30 हजार रुपये, लैपटाप और कांस्य पदक मिलेगा।

इसके अलावा हर समूह के 10 विद्यार्थियों को 15-15 हजार रुपये और टैबलेट दिए जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर के सभी विजेताओं को उनके माता-पिता के साथ जनवरी 2027 में मध्य प्रदेश के चार दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर भी ले जाया जाएगा। इस यात्रा का खर्च बीईई उठाएगा।

पिछले विजेताओं के लिए भी नियम

वर्ष 2023, 2024 या 2025 में इसी समूह में राज्य अथवा राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय या तृतीय पुरस्कार जीत चुके विद्यार्थी इस वर्ष उसी समूह में भाग नहीं ले सकेंगे। हालांकि, समूह-ए में पहले पुरस्कार जीत चुके विद्यार्थी कक्षा के अनुसार पात्र होने पर समूह-बी में हिस्सा ले सकते हैं।

प्रतियोगिता के नियम और अन्य जानकारी www.paintings.beindia.gov.in पर उपलब्ध है। उत्तर प्रदेश के लिए एनटीपीसी-एनआरएचक्यू लखनऊ के डीजीएम (कारपोरेट कम्युनिकेशंस) अमित कुमार बेहेरा को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

विद्यालयों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में शामिल कराने को कहा गया है। इससे बच्चों को अपनी चित्रकला प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और उनमें घर व स्कूल में बिजली की बचत करने की आदत भी विकसित होगी।