Encounter in Baghpat: बागपत में दो शातिर लुटेरे पुलिस मुठभेड़ में घायल, दोनों पर था इनाम घोषित
बागपत में दो इनामी बदमाशों से सराय रोड पर पुलिस का सामना हो गया। दोनों बदमाशों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था। दोनों शातिर पुलिस पर फायरिंग करते हुए खेतों की ओर भागे लेकिन पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
बागपत, जेएनएन। दो ई-रिक्शा चालकों को घायल कर उनसे लूटपाट करने वाले दो लुटेरों का अमीनगर सराय रोड पर पुलिस से सामना हो गया। 25-25 हजार के इनामी दोनों शातिर पुलिस पर फायरिंग करते हुए खेतों की ओर भागे, लेकिन पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों के पास से बाइक, तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं। मौके पर एसपी पुलिस बल के साथ पहुंचे और दोनों बदमाशों के बारे में जानकारी ली।
यह है मामला
एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि बुधवार की शाम कोतवाली प्रभारी अजय कुमार शर्मा सराय रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक बाइक पर आते दिखे, तो दोनों को रोकना चाहा, लेकिन दोनों ने बाइक को हिलवाड़ी गांव की ओर दौड़ा दिया। पुलिस ने पीछा किया, तो दोनों ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिए। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो दोनों युवक पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों से पूछताछ कर सीएचसी में भर्ती कराया। एसपी ने बताया कि एक का नाम शोएब उर्फ भौंदा पुत्र सलीम निवासी बागवाली गली और दूसरे का नाम खलील पुत्र नफेद्दीन निवासी भट्ठा बस्ती शेखपुरा, खेकड़ा कस्बा है। खलील के खिलाफ पांच और शोएब के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं। दोनों ने बिनौली और बड़ौत क्षेत्र से दो ई-रिक्शा चालकों को मारपीट कर घायल कर दिया था तथा उनकी ई-रिक्शा लूट ली थी। इनका एक साथी अनीश निवासी निवाड़ा गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। शुएब और खलील पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। दोनों के पास से बिना नंबर की बाइक, दो तमंचे और आठ कारतूस बरामद हुए हैं।