दो शोरूम पर कर्मचारियों का हंगामा, तोड़फोड़ का प्रयास किया गया
राज स्नेह मोटर्स के दिल्ली रोड स्थित दो शोरूम पर कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया।
मेरठ । राज स्नेह मोटर्स के दिल्ली रोड स्थित दो शोरूम पर कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया। मेवला फ्लाईओवर के निकट वाले शोरूम में तोड़फोड़ का भी प्रयास किया। वेतन और जमानत राशि के लिए हंगामा कर रहे कर्मचारियों ने प्रबंधन पर तमाम आरोप लगाए। पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत किया।
करीब एक माह पूर्व राज स्नेह मोटर्स के शोरूम पर ताला लग गया था। चर्चा है कि करोड़ों का कर्ज होने और मारुति द्वारा बिक्री का अधिकार छीन लिए जाने के कारण इन्हें बंद किया गया। रविवार को दिल्ली रोड स्थित रिठानी व मेवला फ्लाईओवर के पास स्थित शोरूम पर सैकड़ों कर्मचारी पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रबंधन हर कर्मचारी के वेतन के बराबर जमानत राशि रखता था, जिसे नौकरी छोड़ने पर कर्मचारी को दिया जाता था। कंपनी हर माह लगभग 80-90 लाख रुपये वेतन के रूप में बांटती थी। पिछले दिनों जब वह वेतन लेने पहुंचे तो उन्हें टरका दिया गया। उन्हें झांसा दिया गया कि अभी किसी को नहीं निकाला जा रहा है। दीवाली के बाद तक कर्मचारियों से काम लिया जाएगा, लेकिन उन्हें बगैर नोटिस निकाल दिया गया। चार नवंबर को सभी कर्मचारियों को वेतन देने के लिए बुलाया गया था।
उधर, मेरठ के अलावा आसपास के जिलों से भी कर्मचारी दोनों शोरूम पर पहुंचे थे। दोनों जगह ही उन्हें शोरूम के अंदर नहीं घुसने दिया गया। रिठानी में परतापुर थाना पुलिस और मेवला फ्लाईओवर के पास स्थित शोरूम पर ब्रह्मापुरी थाना पुलिस पहुंची। इस दौरान कर्मचारियों ने अंदर घुसने का प्रयास किया तो पुलिसकर्मियों से उनकी नोकझोंक हुई। उन्होंने तोड़फोड़ का भी प्रयास किया। बाद में आश्वासन के बाद कर्मचारी शांत हुए।
------
दीवाली पर सूने रहेंगे कई घर
हंगामे के दौरान कई कर्मचारी तो रो पड़े। उन्होंने कहा कि दीवाली पर तोहफे के बजाय उनकी नौकरी चली गई। अब उनका वेतन भी नहीं दिया जा रहा है। कहा कि त्योहार पर भी उनके घर सूने रहेंगे।
------
रिठानी वाले शोरूम पर प्रबंधन का कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। वहां के कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि प्रबंधन से बात कर उन्हें जल्द वेतन दिलाया जाएगा। मेवला फ्लाईओवर के पास वाले शोरूम पर कंपनी के किसी अधिकारी ने आश्वासन दिया कि दीवाली के बाद वेतन और जमानत राशि दे दी जाएगी।
-हरिमोहन सिंह, सीओ-ब्रह्मापुरी।