वैज्ञानिक तरीके से समाधान खोजने पर दिया जोर
आइआइएमटी विश्वविद्यालय के स्कूल आफ आर्ट एंड ह्यूमैनटीज विभाग में क्रिएटिव प्राब्लम
मेरठ,जेएनएन। आइआइएमटी विश्वविद्यालय के स्कूल आफ आर्ट एंड ह्यूमैनटीज विभाग में क्रिएटिव प्राब्लम सोल्विंग एंड आइडिया जनरेशन विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार के मुख्य वक्ता अजमेर से एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट कैलाश चंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक तरीके से देखने व उसका समाधान खोजने पर बल दिया। समस्या के स्वरूप को पहचानना, समस्या से संबंधित डाटा एकत्रित करना व उनका विश्लेषण करना, इन सभी के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। डीन. डा. केडी शर्मा ने मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया। संचालन डा. रेणु जैन ने किया।
अन्न सेवा का संकल्प लेकर लोगों की मिटाई भूख: संवाद फाउंडेशन के संकल्प अन्न सेवा के तहत लगातार 24वें हफ्ते में बुधवार को बच्चा पार्क पर जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया गया। इस मौके पर फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रशांत कौशिक ने कहा कि आज का आयोजन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परमानंद शर्मा की पुण्यतिथि के मौके पर हुआ। पदाधिकारियों ने भोजन बांटकर सैकड़ों लोगों की भूख का समाधान किया। उन्होंने बताया कि इस मुहिम का दायरा बढ़ रहा है। कई लोग उनके इस प्रयास में साथ आए हैं। इस दौरान विजय शर्मा, अश्विनी कौशिक, संजीव शर्मा, राजकुमार गोयल आदि ने सहयोग दिया।
सेवा भारती जनसेवा के भाव से समाज का भर रही पेट : कोरोना महामारी से जूझ रहे लोगों की भूख के निवारण के लिए सेवा भारती महानगर की ओर से चलाई जा रही मां अन्नपूर्णा रसोई जरूरतमंदों का सहारा बन रही है। बुधवार को भोजन वितरण की शुरुआत भाजपा में मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोमेंद्र तोमर, कैंट विधायक सत्य प्रकाश अग्रवाल व पूर्व विधायक अमित अग्रवाल ने मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। विधायक सोमेंद्र तोमर ने कहा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज का व्यक्तित्व निर्माण करता है। इस दौरान सेवा भारती के पदाधिकारी के अलावा अन्य स्वयंसेवक मौजूद रहे।