शहर से लेकर गांव तक निधि समर्पण अभियान का जोर
श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए चल रहे निधि समर्पण अभियान से राम भक्तों के जुड़ने का सिलसिला जारी है।
मेरठ, जेएनएन। श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए चल रहे निधि समर्पण अभियान से राम भक्तों के जुड़ने का सिलसिला जारी है। नगर से लेकर देहात तक लोग टोलियों को फोन कर निधि समर्पण के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। रविवार को भी टोलियों ने अभियान चलाकर निधि संग्रह किया।
संघ परिवार के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हर दिन की तरह रविवार की सुबह ही श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए निधि संग्रह करने के लिए निकले। विश्व हिंदू परिषद के महानगर मंत्री एवं अभियान प्रचार प्रमुख निमेश वशिष्ठ ने बताया कि पूरे महानगर में 225 टोलियां रविवार को निधि संग्रह के लिए निकलीं, महानगर के साथ-साथ देहात में भी अत्यधिक उल्लास दिखाई दिया। गांव बक्सर, मोरना, अब्दुल्लापुर में महानगर संगठन मंत्री गौरव प्रताप, महानगर सह अभियान प्रमुख अवनीत बंसल, बंटी बजरंगी एवं अन्य लोगों की उपस्थिति में निधि का संग्रह किया गया। पाम ग्रीन सुपरटेक में विश्व हिंदू परिषद के प्रात संगठन मंत्री नागेंद्र के साथ राम भक्तों की टोली घर-घर गई और निधि संग्रह किया। टोली में मधुबन आर्य, हिमाशु शर्मा एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उधर, सम्राट पैलेस में रहने वाले एआर शर्मा ने विशेष रूप से महानगर संघचालक एवं अभियान समिति के अध्यक्ष विनोद भारती को फोन कर टोली को आमंत्रित किया और 11,111 रुपये का चेक दिया।
चित्र बनाकर प्रदर्शित की भावनाएं: उद्गम फाउंडेशन और रोबिनहुड आर्मी ने रविवार को बच्चों के साथ मिलकर गणतंत्र दिवस मनाया। बच्चों ने चित्र बनाकर अपनी भावनाएं व्यक्त की। दिव्या गर्ग ने बच्चों को गणतंत्र दिवस की जानकारी दी। इस दौरान दुर्गेश, कौशल और प्रशात भी उपस्थित रहे।