बाइक बोट में जेल गए आरोपितों का ईडी ने ब्योरा मांगा
लगभग 4200 करोड़ के बाइक बोट घोटाले में जेल गए आरोपितों का ब्योरा ईडी ने ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) से मांगा है।
मेरठ, जेएनएन। लगभग 4200 करोड़ के बाइक बोट घोटाले में जेल गए आरोपितों का ब्योरा ईडी ने ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) से मांगा है। माना जा रहा है कि जल्द ईडी आरोपितों की संपत्ति को जब्त कर सकती है। बाइक बोट घोटाले में अब तक कुल 22 आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं। 11 अभियुक्तों को पिछले तीन माह में ईओडब्ल्यू और एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। इनमें सात आरोपितों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित था। इस पूरे नेटवर्क को संजय भाटी संचालित कर रहा था। पुलिस ने संजय भाटी, उसके भाई सचिन और पवन भाटी को भी जेल भेज दिया। कंपनी के निदेशक करणपाल और द ग्रैंड वेनिस माल के स्वामी मोंटू भसीन भी जेल जा चुके हैं। लुधियाना (पंजाब) से पकड़े गए सेना से रिटायर फौजी रवींद्र और उनकी पत्नी रेखा राय भी जेल जा चुके हैं। इन सभी पर बाइक बोट घोटाले की करोड़ों की संपत्ति है। करणपाल समेत कई निदेशकों ने बाइक बोट की रकम से जमीन भी खरीद रखी है। आईटीवी कंपनी के मालिक बिजेंद्र हुड्डा अभी पुलिस पकड़ से दूर है। बिजेंद्र हुड्डा ने भी मोटी रकम संपत्ति में लगा रखी है, लेकिन अभी तक जेल जा चुके आरोपितों की संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई नहीं हुई है। हाल ही में ईडी ने जेल गए सभी आरोपितों का ब्योरा ईओडब्ल्यू से मांगा है। एएसपी राम सुरेश यादव ने इसकी पुष्टि की है। उनका कहना था कि ईओडब्ल्यू का काम विवेचना कर आरोपितों को गिरफ्तार करना है। संपत्ति जब्तीकरण का काम ईडी कर रही है।
दुष्कर्म के तीन आरोपितों को पुलिस ने मथुरा से पकड़ा
तांत्रिक क्रिया के बहाने पल्लवपुरम निवासी एक महिला से उसके रिश्तेदारों ने मायके में दुष्कर्म किया। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसओ पल्लवपुरम दिग्विजय नाथ शाही ने बताया कि पल्लवपुरम क्षेत्र निवासी एक युवक की शादी मथुरा निवासी युवती से हुई थी। करीब सात महीने पूर्व युवती अपने मायके गई थी, जहां रिश्तेदारों ने उसे एक तांत्रिक से मिलवाया था। तांत्रिक ने महिला को झांसे में लेकर कहा कि वह उसे जंगल में ले जाकर पूजा पाठ कराकर सिद्धि प्राप्त कराएगा। इसके बाद उसके हाथों से जमीन खुदवाकर सोना निकाला जाएगा। महिला रिश्तेदारों के कहने पर तांत्रिक की बातों में आ गई। छह महीने तक महिला तांत्रिक के संपर्क में रही। इसका पता चलने पर जब पति उसे लेने गया तो उसे लौटा दिया। इसके बाद पति ने पल्लवपुरम थाने में पत्नी को बंधक बनाने का केस दर्ज कराया। पुलिस ने मथुरा में दबिश देकर गत माह महिला को बरामद कर लिया और तांत्रिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। महिला ने अपने बयानों में तांत्रिक समेत मथुरा निवासी कुंवर वीर सिंह, कुवर धीर सिंह व अलीगढ़ इगलास निवासी देवेंद्र सिंह पर बंधक बनाकर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। सोमवार को पुलिस ने तीनों आरोपितों को मथुरा से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।