खराब खड़ी एंबुलेंस को धक्का देकर स्टार्ट करने में मदद कर रहा था डंपर चालक... खुद हादसे का शिकार हो गया
मेरठ में एक खराब एंबुलेंस को धक्का देकर स्टार्ट कराने में मदद कर रहे डंपर चालक इसरार की अज्ञात वाहन ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
डंपर चालक इसरार की एंबुलेंस को धक्का देते समय मौत।
मेरठ के सकौती क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर।
सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश में जुटी।
संवाद सूत्र, दौराला (मेरठ)। खराब एंबुलेंस को हाईवे पर पीछे से धक्का देकर स्टार्ट कराने का प्रयास कर रहे डंपर चालक इसरार की बुधवार तड़के अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसा सकौती क्षेत्र में नंगली आजड़ गेट के सामने हुआ। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
दौराला इंस्पेक्टर सुमन कुमार सिंह के अनुसार, बुधवार करीब तीन बजे नंगली आजड़ गेट के पास एंबुलेंस खराब हो गई थी। चालक शिवम ने आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों से मदद मांगी। वहां मौजूद डंपर चालक इसरार भी सहायता के लिए रुका। वह एंबुलेंस को पीछे से धक्का देकर स्टार्ट कराने का प्रयास कर रहा था, तभी हाईवे से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
इसरार की मौके पर ही मौत हो गई। शिवम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसरार मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र स्थित नावला गांव का निवासी था। उसके स्वजन को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान में जुटी है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
