कूड़े के ढेर में दबे नगर निगम के दावे, लोग परेशान
नगर निगम के सफाई के दावे दीवाली के तीन दिन बाद भी कूड़े के ढेर में दबे हैं। शहर की गलियों तक में झाड़ू नहीं लगी है। सफाई कर्मचारी नदारद हैं। ये स्थिति तब है जब नगर आयुक्त ने त्योहार से पहले आदेश दिया था कि इस दौरान सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट विभाग का कोई कर्मचारी-अधिकारी अवकाश नहीं लेगा।
मेरठ । नगर निगम के सफाई के दावे दीवाली के तीन दिन बाद भी कूड़े के ढेर में दबे हैं। शहर की गलियों तक में झाड़ू नहीं लगी है। सफाई कर्मचारी नदारद हैं। ये स्थिति तब है जब नगर आयुक्त ने त्योहार से पहले आदेश दिया था कि इस दौरान सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट विभाग का कोई कर्मचारी-अधिकारी अवकाश नहीं लेगा।
नगर निगम ने दीपावली से पूर्व दावा किया था कि त्योहारों पर पूरी सफाई रहेगी। कूड़ा भी नियमित रूप से उठेगा। इसके लिए नगर आयुक्त मनोज चौहान ने लिखित में आदेश भी जारी किया था। बावजूद इसके त्योहारों पर शहर में सफाई व्यवस्था चरमरा गई। एक साथ कई दिन की छुट्टी होने के कारण अधिकांश अफसर छुट्टी मना रहे हैं। इसलिए ऑफिस नहीं खुले। अफसर सड़क पर नहीं दिखे तो अधीनस्थ कर्मचारी मनमानी पर उतर गए। यही कारण है कि शहर का अधिकांश हिस्सा अभी तक गंदगी से अटा पड़ा है। गलियों में न तो सफाई कर्मचारी पहुंचे और न ही कूड़ाघर पर जमा कूड़ा उठा।
बुढ़ाना गेट, बच्चा पार्क, हापुड़ अड्डा, शास्त्रीनगर, दिल्ली रोड आदि क्षेत्र में जगह-जगह कूडे़ के ढेर लगे हैं। एकता सदन विक्टोरिया पार्क कालोनी, तेजगढ़ी चौराहा व शास्त्रीनगर डी ब्लाक आयकर कालोनी के पास भी यही स्थिति रही। जिस कारण वहां से गुजरने वाले लोगों को कूडे़ की दुर्गध झेलनी पड़ी।
बीमारी की भी आशंका
शहर की सफाई व्यवस्था चरमराने व कूड़ा उठाकर बाहर न ले जाने पर बीमारी फैलने की भी आशंका है। सोमवार से सभी स्कूल-कॉलेज खुल रहे हैं। जिन मार्गो पर कूडे़ के ढेर लगे हुए हैं, उनसे हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं भी होकर गुजरते हैं।
डबल शिफ्ट की बजाए एक में भी सफाई नहीं
शहर में सफाई की व्यवस्था को बेहतर करने के लिए डबल शिफ्ट में सफाई की व्यवस्था शुरू कराई गई थी। इसके विपरीत कई कालोनियां शहर में ऐसी हैं, जहां पर एक शिफ्ट में भी सफाई करने के लिए निगम के कर्मचारी नहीं पहुंचते। ऐसे में कालोनी के लोगों को स्वयं के खर्च पर सफाई करानी पड़ती है। इन्होंने कहा--
दीपावली, भैया दूज और छठ पर अवकाश न लेने का आदेश है। प्रत्येक दिन का आंकड़ा जुटाया जा रहा है कि कब कौन ड्यूटी पर रहा और किसने छुंट्टी की। सभी सफाई निरीक्षकों से रिपोर्ट ली जा रही है। गैरहाजिर सभी कर्मचारियों अफसरों पर कार्रवाई होगी।
मनोज चौहान, नगर आयुक्त