विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बागपत में नशे में धुत सिपाही ने तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग की, जान बचाकर भागे लोग

By Taruna TayalEdited By:
Published: Sat, 06 Nov 2021 12:53 AM (IST)

नशे में धुत यूपी पुलिस के एक सिपाही ने बरनावा गांव में तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सिपाही के ...और पढ़ें

नशे में धुत सिपाही ने तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग की।
नशे में धुत सिपाही ने तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग की।

बागपत, जेएनएन। नशे में धुत यूपी पुलिस के एक सिपाही ने बरनावा गांव में तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। यह देख घबराए लोग जान बचाकर भाग खड़े हुए। सिपाही के कंधे पर कारबाइन भी टंगी हुई थी। पुलिस ने आरोपित सिपाही को पकड़ लिया और उसके पास से कारबाइन, मैगजीन के अलावा दो तमंचे व कारतूस भी बरामद किए हैं। सिपाही का कहना है कि वह बदायूं जनपद के एक जनप्रतिनिधि का गनर है। पुलिस ने घटना की जानकारी बदायूं पुलिस को दे दी है।

यह है मामला

बरनावा गांव के लोगों ने बताया कि दाहा मार्ग पर शुक्रवार शाम सादी वर्दी में एक सिपाही ने तमंचे से फायरिंग कर दी। एक गोली उसने सड़क में मारी, जबकि दो हवाई फायरिंग की। यह देख वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। सिपाही के कंधे पर कारबाइन और एक बैग टंगा हुआ था। इसी दौरान बरनावा पुलिस चौकी तैनात सिपाही ओर हेड कांस्टेबल बाइक से गुजर रहे थे। एक नजर देखने के बाद हेड कांस्टेबल ने सिपाही को दबोच लिया और तमंचा छीन लिया। दोनों बाइक पर बैठाकर आरोपित को पुलिस चौकी पर ले गए। उसके बाद मौके पर भीड़ एकत्र हो गई और सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने जाम को खुलवाया और भीड़ को वहां से हटाया। सिपाही को थाने पर लाया गया।

इन्‍होंने बताया...

एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि बदायूं जनपद में तैनात सिपाही रवि दाहा गांव का रहने वाला है, जो तीन नवंबर को अवकाश पर आया था और शुक्रवार को वापस जा रहा था। उसने तमंचे से फायरिंग की है। उसके पास से सरकारी कारबाइन, मैगजीन के अलावा तमंचा आदि बरामद किए गए हैं। घटना की जानकारी बदायूं पुलिस को दी गई है। आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसके बारे में और भी जानकारी जुटाई जा रही है।