फूलबाग कालोनी से उठी मांग, सफाईकर्मी बढ़ाए जाएं
दैनिक जागरण के स्वच्छ मेरठ-स्वस्थ मेरठ अभियान के तहत गुरुवार को वार्ड-60 अंतग
मेरठ,जेएनएन। दैनिक जागरण के 'स्वच्छ मेरठ-स्वस्थ मेरठ' अभियान के तहत गुरुवार को वार्ड-60 अंतर्गत फूलबाग कालोनी में विशेष सफाई कराई गई। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी जनता की समस्याओं से रूबरू हुए। आबादी के अनुपात में बेहद कम सफाई कर्मचारी होने से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की मुख्य समस्या रही। नगर निगम अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि जल्द कुछ सफाईकर्मी बढ़ाकर व्यवस्था को ठीक किया जाएगा।
सड़क निर्माण समेत अन्य समस्याओं का जाना हाल
जागरण संवाददाता, मेरठ : गुरुवार को विशेष सफाई अभियान की शुरुआत सुबह 7.30 बजे फूलबाग कालोनी के हंस चौराहे से हुई। सफाई एवं खाद्य निरीक्षक रविशेखर और सफाई नायक राजेश कुमार के नेतृत्व में सफाई कराई गई। कूड़ा गाड़ी डोर टू डोर पहुंची। फूलबाग कालोनी की सड़कों पर झाड़ू लगाने व कचरा उठाने का काम हुआ। करीब 9.40 बजे सहायक नगरायुक्त इंद्र विजय और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. गजेंद्र सिंह अभियान में पहुंचे। क्षेत्रीय पार्षद नीरज सिंह समेत स्थानीय लोगों ने उनको समस्याओं से अवगत कराया। दोनों अधिकारियों ने विक्टोरिया पार्क पुल से आबूनाला किनारे सड़क निर्माण की प्रगति देखी। निर्माण अनुभाग के इंजीनियरों को फोन कर काम तेजी के निर्देश दिए। वहीं, विक्टोरिया पुल से हंस चौराहा होते हुए गांधी आश्रम तक की सड़क का निर्माण शुरू करने के निर्देश दिया। सफाई कर्मियों की कमी को लेकर लोगों ने शिकायत की। कहा कि 40,000 की आबादी वाले वार्ड में 35 सफाई कर्मी कितनी सफाई करेंगे। हेल्थ मैनुअल के अनुसार 10,000 की आबादी पर 28 सफाई कर्मचारी होने चाहिए। उस हिसाब से तो वार्ड में तीन गुना सफाई कर्मी कम है। क्षेत्रीय पार्षद ने जनभागीदारी से ग्रीन बेल्ट और सड़क किनारे पौधरोपण के काम भी दिखाया। बताया कि एक टीम बना रखी है, जो डेंगू-मलेरिया बुखार के प्रकोप से बचाने प्रतिदिन अलग-अलग गलियों में जाकर देर शाम फागिग करती है। -----
ये प्रमुख समस्याएं आईं सामने
-सफाई कर्मचारी कम हैं, जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित है।
-फूलबाग कालोनी की तरफ आबूनाले की रिटेनिग वाल नहीं बनी है।
-दो प्रमुख सड़कों का निर्माण में शिथिलता बरती जा रही है।
-आबूनाला किनारे फूलबाग कालोनी की ग्रीन बेल्ट का रखरखाव नहीं हो रहा है।
-कचरा एकत्र करने के बड़े कूड़ेदान गल गए हैं। जिससे कचरा सड़क पर फैल रहा है। लोगों की परेशानी, उन्हीं की जुबानी
-फूलबाग कालोनी के अंदर की सड़कों की परत उखड़ गई है। उनकी मरम्मत कराने की जरूरत है। जो सड़क निर्माण प्रस्तावित है, अब उसे पूरा करने में देरी ना की जाए।
लोकेंद्र। -सफाई बेहद जरूरी है। स्वच्छता पर पैसा भी काफी खर्च हो रहा है। लेकिन सफाईकर्मियों की संख्या 10 साल से वही है। आबादी नित बढ़ रही है। कचरा भी पहले से अधिक उत्सर्जित हो रहा है। नगर निगम को सफाई के संसाधन बढ़ाने चाहिए।
मुनीश। -ग्रीन बेल्ट का रखरखाव शून्य है। फूलबाग के लोग ही जितना हो सकता है, कर रहे हैं। नगर निगम की ओर से न तो आबूनाले की रिटेनिग वाल बनाई गई है और न ही ग्रीन बेल्ट की सफाई व रखरखाव किया जा रहा है।
बीएस वर्मा।
----------
इन्होंने कहा-
फूलबाग कालोनी में दो मुख्य समस्याएं सामने आई हैं। एक सफाई कर्मी कम है। यह संख्या बढ़ाने की जरूरत है। दूसरी आबूनाले की रिटेनिग वाल नहीं बनी है। जिससे ग्रीन बेल्ट की मिट्टी कटान हो रहा है। नाले किनारे आरसीसी दीवार बनाने की जरूरत है। इन दोनों कामों पर विचार किया जाएगा।
इंद्र विजय, सहायक नगर आयुक्त