पत्नी को मारकर खुद भी दी जान, बेटे की चाह में दिल्ली पुलिस के सिपाही ने उठाया खौफनाक कदम Meerut News
दिल्ली पुलिस के सिपाही ने बेटे की चाहत में पत्नी की हत्या कर खुद को भी मौत के घाट उतार लिया। शादी के दस साल बाद भी बच्चा नहीं होने वजह से दंपती में विवाद रहता था।
मेरठ, जेएनएन। दिल्ली पुलिस के सिपाही ने बेटे की चाहत में पत्नी की हत्या कर खुद को भी मौत के घाट उतार लिया। शादी के दस साल बाद भी बच्चा नहीं होने वजह से दंपती में विवाद रहता था। मंगलवार को विवाद इतना बढ़ा की सर्विस पिस्टल से उसने पहले पत्नी की हत्या की। शव को बैग में बंद कर कार समेत बवाना में छोड़कर भाग गया। लॉकडाउन होने के बाद भी सिपाही दिल्ली से मेरठ पहुंच गया। किसी ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की। इंचौली के जमालपुर में दिल्ली पुलिस की दबिश के दौरान खुद को गोली मार ली।
पहली पत्नी को दिया था तलाक
दौराला के अजौता निवासी मनोज कुमार दिल्ली पुलिस में सिपाही था। मनोज ने पहली पत्नी को तलाक देकर 2010 में मुजफ्फरनगर की रेनू से शादी की थी। रेनू भी दिल्ली पुलिस में महिला कांस्टेबल थी। इंचौली इंस्पेक्टर ब्रिजेश कुमार ने बताया कि शादी के दस साल बाद भी कोई बच्चा नहीं होने पर दंपती में विवाद रहता था। मंगलवार को विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। मनोज ने दिल्ली के लोधीपुर थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर शव कार में छोड़ा। उसके बाद दिल्ली से भागकर इंचौली के जमालपुर में भाई की ससुराल पहुंच गया।
सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली
पुलिस के डर से उसे गांव से बाहर खेत में तौल केंद्र पर सुला दिया था। मनोज से मिलने के लिए उसका बहनोई बुलंदशहर निवासी विजय भी पहुंच गया था। तभी दिल्ली पुलिस की टीम भी उसे पकड़ने के लिए जमालपुर के जंगल में पहुंची। पुलिस के मुताबिक विजय ने मनोज को सलाह दी कि वह खुद को पुलिस के हवाले कर दे। इसी बीच मनोज ने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार को सौंप दिया। दिल्ली के लोधीपुर थाने में दर्ज पत्नी की हत्या का मुकदमा भी उसकी मौत पर खारिज हो गया है। रेनू के स्वजनों ने भी दिल्ली से उसका शव लेकर अंतिम संस्कार कर दिया है। मनोज को पहली पत्नी से एक बेटी भी है।
इनका कहना है
दिल्ली पुलिस का सिपाही मनोज पत्नी की हत्या करने के इंचौली के जमालपुर में छिपा था। दिल्ली पुलिस के सामने ही उसने खुदकशी कर ली। पुलिस ने सिपाही की सर्विस पिस्टल कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजनों के सुपुर्द कर दिया है।
- अजय साहनी, एसएसपी