ठंड से बचने के लिए कमरे में जलाई थी अंगीठी, दम घुटने से मौत Meerut News
शहर में घर के भीतर ठंड से बचने के लिए जलाई गई अंगीठी के धुएं में दम घुटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा व्यक्ति बेहोश हो गया।
मेरठ, जेएनएन। ठंड से बचने के लिए घरों में किए गए जा रहे उपाय किस प्रकार घातक हो सकते हैं, इसकी एक बानगी बुधवार रात को शहर में देखने को मिली। घर में ठंड से बचने के लिए जलाई गई अंगीठी के धुएं में दम घुटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति बेहोश हो गया। सुबह देर तक जब दोनों नहीं उठे तो परिवार वाले कमरे में पहुंचे। उनको तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे का उपचार चल रहा है।
कमरे में दोनों बेहोश मिले
सदर थाना क्षेत्र के सोतीगंज में आरिफ रहता है। उसका क्रेन चलाने का काम है। उसके पास लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के तारापुर निवासी अनस और एक अन्य रिश्तेदार रहते हैं। बुधवार रात अनस और दूसरा व्यक्ति कमरे में सो रहे थे। इस दौरान उन्होंने अंगीठी जला रखी थी। सुबह जब देर तक दोनों नहीं उठे तो परिवार वालों ने जाकर देखा दोनों बेहोश पड़े थे।
पुलिस को नहीं दी तहरीर
आनन-फानन में उनको होप नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने अनस को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे व्यक्ति का इलाज चल रहा है। दोपहर को परिजनों ने अनस को सुपुर्द ए खाक कर दिया। इस मामले में अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।