बिजनौर में सहकारी समिति के चेयरमैन और भाजपा कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
Attack On Chairman बिजनौर के अफजलगढ़ में सहकारी समिति के चेयरमैन भूपेंद्र चौहान पर शनिवार की रात को अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाते हुए हमला कर दिया। इस हमले में चेयरमैन बाल बाल बच गए। इस दौरान उनकी गाड़ी के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए।
बिजनौर, जागरण संवाददाता। बिजनौर के अफजलगढ़ में सहकारी समिति शेरगढ़ के चेयरमैन व भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पर शनिवार रात कार सवार पांच-छह युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए, हमलावरों ने कार के शीशे भी क्षतिग्रस्त कर दिए। चेयरमैन को काशीपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी स्वजन ने कोई तहरीर नहीं दी है।
शनिवार की रात को जा रहे थे धामपुर
अफजलगढ़ के गांव सीरियावाली चक निवासी भूपेंद्र चौहान (50) पुत्र विजय पाल सिंह अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव शेरगढ़ स्थित सहकारी समिति के चेयरमैन हैं। भूपेंद्र सिंह अफजलगढ़ के भाजपा मंडल अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वर्तमान में भी वह भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। गांव में उनकी खेती और अन्य कार्य करते हैं। वहीं अस्थाई रूप से उन्होंने धामपुर में स्योहारा रोड पर गांव जितनपुर में भी एक मकान बना रखा है। बताया गया है कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे वह अपनी कार से अफजलगढ़ से धामपुर जा रहे थे।
कार को ओवरटेक करके रोका
जैसे ही वह अफजलगढ़ शुगर मिल के पास पहुंचे तो उनकी कार के आगे एक अन्य कार ने ओवरटेक करके रोक लिया। उसमें से निकले पांच छह लोगों ने गाड़ी के शीशे में तोड़फोड़ कर दी और भूपेंद्र सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें भूपेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, घटना के बाद हमलावर कार सहित मौके से फरार हो गए। वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद भूपेंद्र सिंह को सीएचसी अफजलगढ़ में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, सूचना पर पहुंचे स्वजन ने उन्हें उत्तराखंड के काशीपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
आपसी रंजिश माना जा रहा है
घटना के बाद अफजलगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास हमलावरों की तलाश की लेकिन किसी का कुछ पता नहीं लगा। घटना के पीछे आपसी रंजिश को कारण माना जा रहा है। हमलावर भूपेंद्र सिंह का मोबाइल भी छीन कर ले गए। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है अभी स्वजन ने कोई तहरीर नहीं दी है।