बुलंदशहर में बकरी चराने गए व्यक्ति की हत्या कर शव ईख के खेत में फेंका
गांव बुकलाना में बकरी चराने के लिए जंगल में गए एक व्यक्ति का शव ईख के खेत में पड़ा मिला। उसके परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। मंगलवार की सुबह खोजबीन के बाद ईख में मिली लाश।
बुलंदशहर, जेएनएन। नरसेना थानाक्षेत्र के गांव बुकलाना में बकरी चराने के लिए जंगल में गए एक व्यक्ति का शव ईख के खेत में पड़ा मिला। उसके परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने हत्या के कारणों के बारे में जांच करनी शुरू कर दी है।
यह है मामला
बुकलाना निवासी 55 वर्षीय चंद्रपाल रोजाना की भांति सोमवार की सुबह अपनी बकिरयों को चराने के लिए जंगल में गया था। सोमवार की शाम छह बजे तक भी जब चंद्रपाल वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। वहीं, बकरी खुद-ब-खुद घर लौट आई। इसके बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भी चंद्रपाल की तलाश शुरू कर दी। पुलिस और ग्रामीण चंद्रपाल की तलाश में बसीबांगर-चंदियाना मार्ग पर पहुंचे। यहां पर एक ईख के खेत में चंद्रपाल का खव पड़ा मिला। नरसेना थाना प्रभारी शोकेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के कान और नाक से खून बह रहा था। देखने में लग रहा था कि उसकी पिटाई की गई है। वहीं, मृतक के बेटे राजकुमार ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई रंजिश भी नहीं है। राजकुमार की तरफ से अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसओ नरसेना का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।