जून में ही खत्म हो जाएगा परतापुर तिराहे के नजदीक देहरादून बाईपास का खतरनाक यूटर्न Meerut News
परतापुर तिराहे के नजदीक देहरादून बाईपास का खतरनाक यूटर्न इसी माह खत्म हो जाएगा। बाईपास के दोनों तरफ सर्विस रोड बनते ही यूटर्न आगे खिसका दिया जाएगा
मेरठ, जेएनएन। परतापुर तिराहे के नजदीक देहरादून बाईपास का खतरनाक यूटर्न इसी माह खत्म हो जाएगा। बाईपास के दोनों तरफ सर्विस रोड बनते ही यूटर्न कुछ समय बाद आगे खिसका दिया जाएगा और इसे बंद कर दिया जाएगा। कार्यदायी कंपनी का दावा है कि अब जो यूटर्न बनाया जाएगा, वह भी अस्थाई होगा। वाहनों के मुडऩे व रफ्तार से आने वाले वाहनों की दिक्कतों का समाधान कर लिया जाएगा।
कई वाहन टकरा भी चुके
दिल्ली की ओर से आने वाले वाहन तिराहे से थोड़ा आगे चलकर एक अवैध यूटर्न से मेरठ शहर के अंदर आने के लिए मुड़ते हैं। यह कट इतना खतरनाक है कि यहां भी कभी भी भीषण दुर्घटना हो सकती है। यहां कई वाहन टकरा भी चुके हैं। यहां पर सड़क की चौड़ाई कम है और दोनों तरफ सर्विस रोड बनाने के लिए खोदाई की गई थी। इसकी वजह से वाहनों को मुडऩे में दिक्कत आती है।
दोनों तरफ सर्विस रोड बनेगी
यूटर्न के आसपास गहरे गड्ढे हो गए हैं। यहां रिफ्लेक्टर व कोई सावधानी बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। कार्यदायी कंपनी के डीपीएम मनोज बैरवा ने बताया कि दोनों तरफ 900 मीटर तक सर्विस रोड बनाई जाएगी। दोनों तरफ गिट्टी आदि का भराव लगभग पूरा हो गया है। बारिश न हुई तो 20 जून के पहले तक रोड बना लेंगे। जैसे ही सर्विस रोड बनेगी वाहन उससे गुजारे जाएंगे। यूटर्न खत्म करके उसे आगे बढ़ा दिया जाएगा।
यूटर्न के पास गड्ढा नहीं भरा, वाटर पार्क का खयाल रखा
देहरादून बाईपास पर यूटर्न के ठीक सामने गड्ढा है। कंपनी के इंजीनियरों व अधिकारियों भलि-भांति जानते हैं कि यहां हादसा हो सकता है। इसके बावजूद गड्ढे को नहीं भरा गया। बताया जा रहा है कि वाटर पार्क समेत कई प्रतिष्ठानों का खास ख्याल रखते हुए गड्ढा नहीं भरा गया है।