Crime In Meerut: मेरठ में दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला को गोली मारी, हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस
Crime In Meerut मेरठ में अपराधियों का दुस्साहस बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार को यहां ब्रह्मपुरी के शिवशक्ति नगर में दिन में ही हमलावर ने घर में घुसकर कर एक महिला के सीने पर गोली मार दी। गंभीर हालत में महिला को केएमसी में भर्ती कराया है।
मेरठ, जागरण संवाददाता। Crime In Meerut मेरठ में ब्रह्मपुरी के शिवशक्ति नगर में शुक्रवार को एक महिला को घर के अंदर ही हमलावर ने गोली मार दी। महिला को केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी सिटी और पुलिस फोर्स अस्पताल में महिला से बातचीत करने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घर में कर रही थी सफाई
शिवशक्ति नगर निवासी सलमान कि मकान के नीचे ही बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। सलमान शुक्रवार दोपहर दुकान पर काम कर रहा था। उनकी पत्नी आलिया ऊपर कमरे में साफ सफाई कर रही थी। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई तो सलमान ऊपर कमरे में पहुंचा। देखा कि आलिया के सीने में गोली लगी हुई है।
पुलिस कर रही पूछताछ
इसके बाद आलिया को केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में फिलहाल महिला की हालत चिंताजनक बताई गई है। पुलिस को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर जांच के लिए बुलाया गया है। इस संबंध में पुलिस भी कई लोगों से पूछताछ कर रही है।
मेरठ में अधिवक्ता को धमकी दे रहा आरोपित
मेरठ : जानलेवा हमले में आरोपित की जमानत नहीं होने पर अधिवक्ता को धमकी मिल रही है। जेल से बाहर आने पर आरोपित फीस के रुपये लौटाने का दबाव बना रहा है। पीडि़त ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। मामले की जांच शुरू हो गई है। मेडिकल थाना क्षेत्र के प्रवेश विहार निवासी ललित कुमार अधिवक्ता हैं। उन्होंने बताया कि दौराला निवासी युवक पर 2015 में जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज हुआ था।
40 हजार का अर्थदंड
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उनके पास मामला आया तो उन्होंने जमानत का प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली। मामले की सुनवाई चली तो कोर्ट ने जनवरी 21 में उसे दोषी पाते हुए सजा सुना दी थी। साथ ही 40 हजार का अर्थदंड भी लगाया था। अब जेल से छूटने के बाद आरोपित फीस के रुपये वापस मांग रहा है। रुपये नहीं लौटाने पर धमकी दी जा रही है। दो दिन पहले वह चैंबर पर एक साथी के साथ आया था। उनको धमकाते हुए रुपयों का इंतजाम करने के लिए कहा था। उन्होंने गुरुवार को सिविल लाइन थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।