Move to Jagran APP

मेरठ में दो लाख का इनामी गोतस्कर अकबर बंजारा दो भाइयों समेत गिरफ्तार, असम पुलिस के हवाले किया

यह मेरठ पुलिस की बड़ी कामयाबी है। पूर्वी भारत के इनामी गोतस्कर अकबर बंजारा को दो भाइयों के साथ मेरठ के फलावदा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। असम पुलिस की टीम ने एसएसपी को दिए नकद दो लाख। अकबर व उसके एक भाई सलमान को साथ ले गई असम पुलिस।

By Prem Dutt BhattEdited By: Published: Fri, 15 Apr 2022 09:20 AM (IST)Updated: Fri, 15 Apr 2022 09:20 AM (IST)
मेरठ में दो लाख का इनामी गोतस्कर अकबर बंजारा दो भाइयों समेत गिरफ्तार, असम पुलिस के हवाले किया
मेरठ पुलिस ने दो लाख का इनामी गोतस्कर अकबर बंजारा को गिरफ्तार किया है।

मेरठ, जागरण संवाददाता। पूर्वी भारत के इनामी गोतस्कर अकबर बंजारा को दो भाइयों के साथ मेरठ के फलावदा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। असम में अकबर पर दो लाख का इनाम घोषित है। असम के गोतस्कर रवि रेड्डी के साथ मिलकर अकबर गोतस्करी कर रहा था। उसने बांग्लादेश सीमा, असम और मेरठ में अरबों की संपत्ति बना रखी है। फलावदा पुलिस ने अकबर बंजारा और उसके एक भाई सलमान को असम पुलिस के हवाले कर दिया है। जबकि तीसरे भाई शमीम को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे मेरठ जेल भेज दिया। असम पुलिस की टीम ने एसएसपी को दो लाख का नकद इनाम भी सौंप दिया।

loksabha election banner

पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ा था ट्रक

एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 11 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर फलावदा पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाबू खां पुत्र हुसैनी निवासी मोहल्ला बंजारान कस्बा फलावदा और रणजीत पुत्र छप्पी निवासी मलिया खुर्द तलवंडी सलेम, थाना नकोदर जालंधर के कब्जे से ट्रक बरामद किया था। ट्रक के अंदर से गोवंशीय पशु बरामद हुए थे। पशुओं को कटान के लिए ले जाया जा रहा था। उस समय अकबर, सलमान व शमीम पुत्रगण पीरू बंजारा, निवासीगण मोहल्ला बंजारान फलावदा और इकबाल पुत्र हाजी सईद निवासी सम्भलहेड़ा, मुजफ्फरनगर फरार हो गए थे। फलावदा पुलिस ने बाबू खां और रणजीत को जेल भेज दिया था। तभी से फरार आरोपितों की तलाश की जा रही थी।

बांग्लादेश में गौवंशीय पशुओं का मीट सप्लाई

एसएसपी ने बताया कि बुधवार को क्राइम ब्रांच और फलावदा पुलिस ने मेडिकल थाना क्षेत्र के जेल चुंगी से अकबर और उसके दो भाई सलमान व शमीम को दबोच लिया। अकबर बंजारा पूर्वी भारत का बड़ा गोतस्कर है, जिसका देशभर में बड़ा नेटवर्क है। अकबर बांग्लादेश में गौवंशीय पशुओं का मीट सप्लाई करता है। असम में अकबर के खिलाफ गोतस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहां की पुलिस ने उस पर दो लाख का इनाम घोषित कर रखा है। वह छिपकर फलावदा में आकर रहने लगा था। एसएसपी ने असम के जनपद कोकराझार के थाना गोसाईगांव में संपर्क किया। वहां के एसपी टीम के साथ अकबर को लेने के लिए मेरठ पहुंचे थे। असम पुलिस टीम ने इनाम की दो लाख रुपये की रकम एसएसपी मेरठ दी और अकबर और उसके भाई सलमान को अपने साथ ले गई।

इनका कहना है

अकबर बंजारा बचपन से ही गोस्तकरी का धंधा कर रहा है। पूरे देश में अकबर का नेटवर्क है, जो बांग्लादेश में मीट सप्लाई करता है। इस धंधे से अकबर ने देश में अरबों की संपत्ति अर्जित कर ली है। जनपद में बनाई सभी संपत्ति पुलिस ने तलाश कर ली है। अकबर उसके भाई और साथियों के खिलाफ फलावदा थाने में भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।

- प्रभाकर चौधरी, एसएसपी 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.