पति-पत्नी ने खाया जहरीला पदार्थ, उपचार के दौरान दोनों की मौत Meerut News
एक दंपती ने बुधवार की देररात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया हालत बिगड़ने पर दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पर दोनों की मौत हो गई।
मेरठ, जेएनएन। दौराला थाना क्षेत्र के मछरी गांव में एक दंपती ने बुधवार की देररात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, हालत बिगड़ने पर दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पर दोनों की मौत हो गई। दंपती ने जहरीले पदार्थ का सेवन क्यों किया, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस उनके परिजनों से पूछताछ कर रही है।
तीन साल पहले हुई थी शादी
मछरी गांव निवासी नवदीप की करीब तीन वर्ष पूर्व मुजफ्फरनगर के बुढाना के अटेरना गांव निवासी पूजा से शादी के साथ हुई थी। दंपती के कोई बच्चा नहीं है। बुधवार देर रात दंपत्ति ने जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों की हालत बिगड़ी तो वे कमरे में से बाहर की तरफ भागे। जिसके बाद अन्य परिजनों को पता चला। शोर-शराबे के बीच ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। दोनों की हालत काफी बिगड़ते देख उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान गुरुवार की तड़के दोनों की मौत हो गई।
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल पुलिस मछरी गांव में है और जांच पड़ताल की जा रही है। इंस्पेक्टर जनक सिंह चौहान का कहना है कि जहरीला पदार्थ खाने से दंपति की मौत हुई है। दोनों ने जहरीले पदार्थ का सेवन क्यों किया, अभी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। परिजनों से और आस-पड़ोस के लोगों से बातचीत की जा रही है। वही पूजा के मायके वाले भी पहुंचे हुए हैं ,जिनसे भी पूछताछ की जाएगी।