Coronavirus: मेरठ में दो महीने में 400 पहुंचा मरीजों का आंकड़ा, आगरा के बाद सबसे ज्यादा मामले Meerut News
Coronavirus शहर में दो नए मरीजों के साथ बीमारों का आंकड़ा 400 तक पहुंच गया है। हर माह औसतन दो सौ मरीज मिले हैं। मरने वालों को आंकड़ा भी 25 हो गया है।
मेरठ,जेएनएन। Coronavirus गुरुवार को बह्रमपुरी निवासी 67 साल के एक मरीज ने कोविड वार्ड में दम तोड़ दिया। जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 25 तक पहुंच गई है। दो नए मरीजों के साथ बीमारों का आंकड़ा 400 तक पहुंच गया है। हर माह औसतन दो सौ मरीज मिले हैं। गुरुवार को 17 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। प्रदेश में आगरा के बाद सबसे ज्यादा मामले अब मेरठ में सामने आ रहे हैं।
संपर्क में आने वालों की सूची
सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि ब्रrमपुरी निवासी 67 साल के मरीज को 19 मई को कोविड वार्ड में भर्ती किया गया था। मरीज को बीपी व हार्ट की बीमारी थी। कोरोना की वजह से निमोनिया भी हो गया था। गुरुवार सुबह 11 बजे मरीज की मौत हो गई। मरीज के परिवार के सदस्य क्वारंटाइन हैं। शास्त्रीनगर सेक्टर दो निवासी 52 साल के एक मरीज में कोरोना संक्रमण मिला है। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि यह नया केस है। इसके संपर्क में आने वालों की सूची बना ली गई है। हापुड़ रोड स्थित किदवई नगर में 58 साल की एक महिला मरीज में वायरस की पुष्टि हुई है। मरीज का यूटीआइ संक्रमण का यह भी नया केस है।
आगरा के बाद मेरठ में हैं सबसे ज्यादा मरीज
मेरठ में 27 मार्च को पहला मरीज मिला। इसके बाद सौ से ज्यादा एपीसेंटर बन गए। प्रदेश में आगरा के बाद सिर्फ इन्हीं दोनों जिलों में मरीजों का आंकड़ा चार सौ के पार पहुंचा है। मेरठ में हर माह करीब दो सौ नए मरीज मिले। औसतन रोजाना छह से सात मरीज मिल रहे हैं।
पारा बढ़ने से असर
सीएमओ डा. राजकुमार ने कहा कि प्रवासियों, पीएसी के जवानों, क्वारंटाइन केंद्रों से बड़ी संख्या में सैंपलों की जांच की गई। इसमें सिर्फ दो पाजिटिव मिले। निजी लैबों की रिपोर्ट भी इसमें शामिल है। मई माह के तीसरे सप्ताह से मरीजों की संख्या में कमी आई और अंतिम सप्ताह में सिर्फ एक दिन दस से ज्यादा मरीज मिले हैं। तापमान बढ़ने से भी वायरस की चेन ब्रेक होने लगी है। प्रशासन हाई अलर्ट मोड में काम कर रहा है। गुरुवार को जांच के लिए 380 सैंपल भेजे गए हैं।