Coronavirus: कोरोना से लड़ने और बचने के लिए तैयार कर रहे हैं ये NCC कैडेट्स
कोरोना से खुद को समाज को और देश को बचाने के लिए किए जा रहे तमाम इंतजामों के बीच राष्ट्रीय कैडेट कोर यानी एनसीसी कैडेट्स ने भी युद्ध स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया है।
मेरठ, जेएनएन। कोरोना से खुद को, समाज को और देश को बचाने के लिए किए जा रहे तमाम इंतजामों के बीच राष्ट्रीय कैडेट कोर यानी एनसीसी कैडेट्स ने भी युद्ध स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया है। कोरोना के खिलाफ संग्राम को आगे बढ़ाते हुए एनसीसी कैडेट्स ने लगातार दूसरे दिन भी अपने घरों के आसपास बड़े, बुजुर्ग व बच्चों को हाथ धोने, स्वयं को सैनिटाइज करने, घर को साफ सुथरा रखने और कोरोना के तमाम लक्षणों की जानकारी देते हुए स्वयं को सुरक्षित रखने को प्रेरित कर रहे हैं।
एनसीसी मेरठ ग्रुप के अंतर्गत मेरठ, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में बटालियन तैनात है। सभी कैडेट्स को अपने घर व पड़ोसियों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनता कर्फ्यू की अपील के बाद शुक्रवार को भी एनसीसी कैडेट्स ने लोगों को जागरूक किया और अपने हाथ को साफ सुथरा रखने के तौर तरीके बताएं। इसके साथ ही शनिवार को काफी संख्या में गर्ल्स बटालियन की कैडेट्स और बालक कैडेट्स ने जगह-जगह लोगों को जागरूक करने के लिए हाथ होने के तरीके दिखाएं और बताए। सैनिटाइज करने के तरीके बताने के साथ ही किस-किस समय सैनिटीज़र से, साबुन से व अन्य उपकरणों के जरिए हाथ धोने हैं, इसकी जानकारी भी दी। कैडेट्स को एक साथ अधिक संख्या में एकत्र न होने को मना किया गया है। इसलिए कैडेट्स को अपने घरों के आसपास ही रहते हुए इस जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने को कहा गया है।