Move to Jagran APP

कत्ल और लूट की वारदातों से आम शहरी खौफजदा, पुलिस अख्तियार करेगी सख्त रवैया Meerut News

प्रदेश में मुठभेड़ की सिलसिलेवार मुहिम चलाकर योगी सरकार काननू-व्यवस्था दुरुस्त होने के तमाम दावे करती रही है लेकिन कुछ समय से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आपराधिक वारदातों की बाढ़ सी आ गई है। लखनऊ से ही इस पर लगाम कसने को कहा है।

By Prem BhattEdited By: Published: Mon, 12 Oct 2020 08:30 AM (IST)Updated: Mon, 12 Oct 2020 08:30 AM (IST)
कत्ल और लूट की वारदातों से आम शहरी खौफजदा, पुलिस अख्तियार करेगी सख्त रवैया Meerut News
मेरठ और आसपास के जिलों में बढ़ती वारदातों को लेकर शासन ने सख्‍ती के निर्देश दिए हैं।

मेरठ, [सुशील कुमार]। मुठभेड़ की सिलसिलेवार मुहिम चलाकर योगी सरकार काननू-व्यवस्था दुरुस्त होने के तमाम दावे करती रही है, लेकिन कुछ समय से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आपराधिक वारदातों की बाढ़ सी आ गई है। मुसलसल कत्ल और लूट की वारदातों को अंजाम देकर बदमाश पुलिस-प्रशासन को खुली चुनौती देने पर आमादा हैं। हाल-फिलहाल मेरठ जोन में हुआ कत्लोगारत इन जुदा हालात की तस्दीक करने के लिए काफी है। इसके चलते आम शहरी खासकर व्यापारी वर्ग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। इसे लेकर शासन ने चिंता जताई है। सूत्रों के मुताबिक, लखनऊ से स्थानीय पुलिस-प्रशासन को इस बाबत सख्त रवैया अख्तियार करने के लिए कहा गया है।

loksabha election banner

हाथ मलती रह गई पुलिस

कोरोना संक्रमण के दौरान भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लोग खून से हाथ रंगने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। सरेआम हत्या को अंजाम देकर बदमाश फरार हो जाते हैं, पुलिस हाथ मलती रह जाती है। मेरठ में सर्राफ अमन हत्याकांड और मुजफ्फरनगर में दवा व्यवसायी अनुज कर्णवाल की हत्या के मामले में सत्ता पक्ष के खिलाफ विपक्ष भी लामबंद हो गया था। अमन जैन हत्याकांड में सपा और भाजपा नेता आमने-सामने तक आ गए थे। व्यापारियों ने बाजार बंद करने का एलान भी कर दिया था। उसके बाद भी जोन में अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। शुक्रवार को एक साथ तीन जनपदों में हुई घटनाओं से सरकार भी चिंता में आ गई। शीर्ष अफसरों से बातचीत कर अपराध पर नियंत्रण लगाने के आदेश दिए।

ऐसे होते गए कत्ल

- 09 सितंबर को मेडिकल थाने के जागृति विहार निवासी सर्राफ अमन जैन की लूट के बाद हत्या कर दी गई। पूरा शहर आक्रोश में आ गया। बाजार बंद करने के बाद पुलिस अभी तक दो बदमाशों को जेल भेज भाई है। तीन बदमाश अभी पुलिस पकड़ से दूर है।

- 20 सितंबर को मुजफ्फरनगर के मोरना में रात आठ बजे मेडिकल स्टोर स्वामी अनुज कर्णवाल की हत्या कर दी गई। व्यापारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों में आक्रोश फैला। उसके बाद भी बदमाश नहीं पकड़े गए।

- 09 अक्टूबर को गाजियाबाद के लोहिया नगर में नरेश त्यागी की हत्या कर दी गई। नरेश त्यागी मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी के मामा हैं। हत्या के बाद से आइजी भी जनपद में कैंप कर रहे हैं।

- 09 अक्टूबर को सहारनपुर में नकुड़ थाना क्षेत्र के ढकदेई में दवा व्यवसायी अंकित कुमार की सरेआम हत्या कर दी गई। पुलिस अभी तक भी हत्यारोपितों को पकड़ नहीं पाई है। कई लाइनों पर काम चल रहा है।

- 09 अक्टूबर को बड़ौत में सीमेंट व्यापारी प्रदीप शर्मा को गोली मारी गई। उन्हें जसवंत राय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर बनी हुई है।

- 10 अक्टूबर को मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र के किनौनी में रात तीन बजे किसान रंनु पुत्र जग्गु की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस आपसी रंजिश को हत्या का कारण मान रही है।

महिला अपराध भी कम नहीं हुए

मेरठ में ही दुष्कर्म की 39 घटनाएं हुई हैं, जबकि जोन के आठ जनपदों में दो सौ के करीब दुष्कर्म के मुकदमे लिखे गए हैं। कुछ रोज पहले रोडवेज की अनुबंधित बस में भी महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना में अभी तक पीडि़ता के कोर्ट में बयान तक दर्ज नहीं हो पाए।

इनका कहना है

हत्या की ज्यादातर घटनाएं रंजिशन हो रही हैं। कई वारदातों का पुलिस पर्दाफाश कर चुकी है। कुछ में पर्दाफाश के करीब पहुंच गई है। अपराधिक वारदातों को रोकने के लिए सभी कप्तानों को गश्त बढ़ाने और त्योहारी सीजन पर सड़क पर मुस्तैद रहने के आदेश दिए है।

- राजीव सभरवाल, एडीजी जोन


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.