सहारनपुर में मुख्यमंत्री : सीएम बोले-अपराधियों को उनके सही स्थान पर पहुंचाएं
CM Visit Saharanpur News मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधियों को उनके सही स्थान पर पहुंचाएं।
सहारनपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधियों को उनके सही स्थान पर पहुंचाएं। पुलिस पेट्रोलिंग में तेजी लाए तथा कहीं पर भी अपराध न होने दें और किसी भी कॉमन मेन को अनावश्यक परेशान न किया जाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कन्टेमेंट जोन के क्षेत्र को छोटा कर 100 मीटर के दायरे में लाया जाए। ऐसे स्थानों पर अब पुलिस के स्थान पर होमगार्डस, पीआरडी, एनसीसी तथा सिविल डिफेंस के कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए।
पुलिस अब कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त करने का काम करेगी। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों को पकडऩे के लिए दबिश देते समय हाथ के दस्ताने व मॉस्क का प्रयोग आवश्यक रूप से करें। इस वैश्विक महामारी के समय हमें पुलिस व अपने कोरोना वॉरियर को बचा कर रखना है। मुख्यमंत्री ने शनिवार व रविवार को संचारी रोगों से लडऩे के लिए विशेष सफाई अभियान को पूरी गति से चलाये जाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों को संचारी रोगों से जानकारी देने के साथ ही शुद्ध पेयजल के सम्बन्ध में भी जानकारी दी जाए।
अन्य विभागों के अफसरों ने ली राहत की सांस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा केवल कोरोना तक सीमित रहा। इस दौरे से अन्य विभागों के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। बताते चले कि गत वर्ष 29 जून को मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान यहां सर्किट हाउस में एक रात प्रवास भी किया था। सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक भी ली थी। नगर निगम द्वारा संचालित कान्हा गौशाला का निरीक्षण कर गाय श्वेता को चारा भी खिलाया था। हालांकि इस बार तय कार्यक्रम के अनुसार प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया था। निरीक्षण के लिए जिला अस्पताल आदि को अलर्ट किया गया था। कोरोना को लेकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्ययोजनाओं को लेकर उन्होंने संतोष भी जताया।
किसानों को मिले भरपूर बिजली, कार्यकर्ताओं का सम्मान हो
सर्किट हाउस में पहुंचने के बाद आरक्षित रखे गए समय में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों व पार्टी पदाधिकारियों के साथ यह बैठक की। इसमें अधिकारियों को निर्देश दिए के जितनी भी खाद्यान्न सामग्री सरकार जिले को भेज रही है सामग्री का वितरण गरीबों में पारदर्शिता के साथ किया जाए इसकी चिंता सभी अधिकारी करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहाकि सरकार ने सभी लोन धारकों के लिए छूट का प्रावधान पारित किया है। जिसमें समय पर लेन-देन करने वाले लोन धारकों को समय पर लेनदेन करने पर सात प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने किसान के बारे मे चर्चा करते हुए कहा की धान की फसल तैयार हो रही है। इस समय में बिजली की किसान को काफी आवश्यकता है इस समय किसान को बिजली की समस्या न हो, समस्या का तुरंत समाधान हो, इसके लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। बिजली पानी की समस्या का पूर्ण रूप से समाधान हो।