CM योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में किया PM के कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण; अधिकारियों से बोले- बस यह रहे ध्यान...
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री नोएडा के लिए रवाना हो गए।
HighLights
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शताब्दी नगर मेट्रो स्टेशन पर पहुंचे ।
मोहिउद्दीनपुर स्थित जनसभा स्थल पर तैयारियां को परखा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। नमो भारत ट्रेन (Rapid rail) के दूसरे चरण तथा मेरठ मेट्रो के उद्घाटन के लिए रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ पहुंचे। यहां लगभग डेढ़ घंटे रहकर
उन्होंने नमो भारत-मेरठ मेट्रो के शताब्दीनगर स्टेशन और मेरठ साउथ स्टेशन पर जानकारी ली। मोहिउद्दीनपुर स्थित जनसभा स्थल पर पहुंचकर वहां की गई तैयारियों को देखा। तैयारियां देखकर मुख्यमंत्री संतुष्ट नजर आये। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह ध्यान रखें कि शहर में जाम न लगे।

इस दौरान उन्होंने जनसभा स्थल पर पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा दिशा निर्देश दिए। पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से उन्होंने जनसभा में आने वाले कार्यकर्ताओं के पहुंचने के समय तथा उनके लिए विभिन्न व्यवस्थाएं करने का निर्देश दिया।

22 फरवरी रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश की प्रथम रीजनल रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम नमो भारत ट्रेन के दूसरे चरण और मेरठ मेट्रो ट्रेन सुविधा का भी उद्घाटन करेंगे। शताब्दीनगर स्टेशन पर उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोहिउद्दीनपुर में विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियां का परीक्षण करने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर लगभग 1.25 बजे हेलीकाप्टर से शताब्दीनगर नमो भारत-मेरठ मेट्रो स्टेशन पर पहुंचे।

इस दौरान उनके साथ भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, जिलाध्यक्ष हरबीर पाल, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक, सांसद अरुण गोविल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, महापौर हरिकांत अहलूवालिया समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि भी रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एनसीआरटीसी, प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों से स्टेशन पर होने वाले कार्यक्रम की जानकारी ली।

एनसीआरटीसी अधिकारियों ने ट्रेन संचालन तथा स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी उन्हें दी। यहां से हेलीकाप्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री मोहिउद्दीनपुर में जनसभा स्थल पर बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचे तथा वहां से सड़क मार्ग से मेरठ साउथ स्टेशन पर पहुंचे। वहां की व्यवस्थाओं और तैयारियों को देखने के बाद वापस जनसभा स्थल पहुंचे।
यहां अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करके व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा पार्टी पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने जनसभा में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं के आने और जाने तथा इस दौरान उनके लिए पानी और भोजन की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। लगभग तीन बजे मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से यहां से रवाना हो गए।
कार्यक्रम की तैयारियों से मुख्यमंत्री खुश नजर आए। उन्होंने तैयारियों की सराहना की। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियो से कहा कि जितनी भी व्यवस्थाएं हैं सभी को लगा दीजिए। बस शहर में जाम न लगे।
पीएम का रैली स्थल एसपीजी के हवाले
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रविवार को होने वाली रैली की सभी तैयारियां पूरी हैं। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का सुरक्षा फ्लीट भी तैयार है।
रैली स्थल को एसपीजी ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने ड्यूटी चार्ट भी जारी कर दिया। तीन जोन मेरठ, आगरा और बरेली से पुलिस फोर्स बुलाया है। मेरठ के अलावा लखनऊ, मुरादाबाद और गाजियाबाद वाहिनी से भी पीएसी बुलाई है।
आरएएफ और अर्द्धसैनिक बल की भी ड्यूटी लगाई है। शुक्रवार को सभा स्थल पर सभी को ड्यूटी कार्ड जारी किए। एडीजी, कमिश्नर, डीआइजी, डीएम और एसएसपी ने ब्रीफिंग कर भीड़ नियंत्रित करने की जानकारी दी। कहा, कुत्ता या अन्य पशु भीड़ के बीच आ जाए तो पुलिसकर्मी ड्यूटी छोड़कर उनके पीछे न भागें। सभा स्थल और रैपिड स्टेशनों के पास रिजर्व पुलिस बल भी रखा है।
शनिवार को रैली स्थल और दोनों स्टेशनों पर पुलिस की रिहर्सल होगी। सभा स्थल पर मंच के पास ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को विशेष सर्तकता बरतने के आदेश हैं। उधर, एसपीजी और एनएसजी की टीम भी पहुंच गई है। रैली स्थल के मंच को एसपीजी ने कब्जे में ले लिया है।
प्रथम लेयर में एसपीजी, दूसरी लेयर में सादी वर्दी में पुलिस लगाई है। इसके बाद पीएसी और अर्द्धसैनिक बल तैनात रहेगा। आठ हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है, जो शताब्दीनगर और मेरठ साउथ स्टेशन पर रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सुरक्षा फ्लीट तैयार है।
