सीएम रावत बोले- आंदोलनकारियों को हमेशा याद रखेगा उत्तराखंड, मुजफ्फरनगर में दी श्रद्धांजलि
मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे स्थित उत्तराखंड शहीद स्मारक पर पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि दो अक्टूबर का दिन उत्तराखंड व तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार के लिए काला दिन है। उन्होंने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पाजंलि अर्पित कर याद किया।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे स्थित उत्तराखंड शहीद स्मारक पर पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि दो अक्टूबर का दिन उत्तराखंड व तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार के लिए काला दिन है। उत्तराखंड का अलग राज्य का दर्जा दिलाने वाले शहीदों और अपमान सहने वाली मां-बहनों को उत्तराखंड हमेशा याद रखेगा। उन्होंने आंदोलन के दौरान यूपी की तत्कालीन सपा सरकार पर भी जमकर बबर्रता करने के आरोप लगाए हैं।
उत्तराखंड के अलग राज्य की मांग को लेकर 1994 में हुए आंदोलन के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों की 26वीं बरसी पर उत्तराखंड शहीद स्मारक पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत आंदोलनकारियों को श्रद्धाजंलि देने पहुंचे। शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद उन्होंने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पाजंलि अर्पित कर याद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज का दिन उत्तरांखड और तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार के लिए काला दिन है। उत्तराखंड का अलग पहचान दिलाने के लिए शहीद हुए नौजवानों और उन मां-बहनों के त्याग को उत्तराखंड कभी नहीं भूलेगा, जिन्होंनें उत्तराखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने के लिए आंदोलन में भाग लेकर अपमान सहा है।
उत्तरांखड राज्य का निमार्ण संघर्ष के बाद हुए है। इतना ही नहीं मसूरी में भी गोली कांड सहित कई घटनाएं प्रदेश के लोगों ने झेली है। उत्तराखंड को अलग पहचान दिलाने के लिए अटल बिहारी वाजपाई का बड़ा योगदान है। उन्होंने ही अलग प्रदेश का निर्माण का प्रदेश के लोगों का सम्मान दिया था, जो कभी नहीं भूला जाएगा। इस दौरान उन्होंने समाजवादी सरकार की बबर्रता को लेकर आक्रोश जाहिर किया। इस दौरान रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, मेयर गौरव गोयल आदि मौजूद रहे।
सपा राज में आदोलनकारी महिलाओं ने झेला अपमान
शहीद स्मारक पर उत्तराखंड के शहीदों की 26वीं बरसी पर पुरकाजी विधायक प्रमोद उंटवाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के अलग निर्माण की मांग को लेकर हुए आंदोलन में महिलाओं और बहनों का बड़ा योगदान रहा। उस समय मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे पर आंदोलनकारी महिलाओं को रोककर तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार ने महिलाओं पर अत्याचार किया था। महिलाओं पर बर्बादा करते हुए उनका अपमान किया गया था, लेकिन भाजपा सरकार ने अलग राज्य का निर्माण कराकर उत्तराखंड की सभी माताओं और बहनों को सम्मान दिया और हमेशा उनकी मदद में खड़ी रही।
इसी दौरान उत्तराखंड के वरिष्ठ भाजपा नेता हरबंश कपूर ने कहा कि गांधी जयंती पर जब हम महात्मा गांधी को याद करते हैं तो उसी दिन उत्तराखंड का कालादिन भी याद आता है। बापू की जयंती वाले दिन रामपुर तिराहा कांड हुआ था। लाठी-डंडे खाते हुए शहीद हुए सभी उत्तराखंड शहीदों को नमन करते हैं। इस दौरान उत्तराखंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, राजेंद्र अर्थवाल, मुजफ्फरनगर भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, वैभव त्यागी, नवनीत पाल, सुषमा पुंडीर आदि भाजपा नेता मौजूद रहे।