डीएम के आश्वासन पर कलक्ट्रेट कर्मियों की हड़ताल खत्म
मेरठ : कलक्ट्रेट कर्मियों की पिछले 17 दिन से चल रही कार्य बहिष्कार हड़ताल शुक्रवार को डी
मेरठ : कलक्ट्रेट कर्मियों की पिछले 17 दिन से चल रही कार्य बहिष्कार हड़ताल शुक्रवार को डीएम के निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई।
कमिश्नर डा. प्रभात कुमार ने तीन अगस्त को सदर तहसील में छापामार कार्रवाई कर महत्वपूर्ण पटल पर बाहरी युवकों को काम करते पकड़ा था। तहसील कर्मी नायब नाजिर रण सिंह, आकाश दीप और देवकी नंदन सहित आधा दर्जन बाहरी युवकों पर एफआइआर दर्ज कराई थी। कलक्ट्रेट कर्मियों ने कार्रवाई को नियम विरुद्ध बताया और आठ अगस्त को कार्य बहिष्कार का एलान करते हुए तालाबंदी कर दी। तभी से कलक्ट्रेट बंद थी।
शुक्रवार को डीएम समीर वर्मा ने कलक्ट्रेट कर्मियों को वार्ता के लिए कैंप कार्यालय पर बुलाया। संगठन के जिलाध्यक्ष सुरेश शर्मा, जोनल अध्यक्ष मुकेश कुमार और सुनील जैन वार्ता के लिए पहुंचे और अपनी मांग रखी। डीएम ने तहसील कर्मियों के खिलाफ दर्ज मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी गई।
अध्यक्ष ने बताया कि डीएम के आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त कर दी है। वार्ता के दौरान एसएसपी मंजिल सैनी, एडीएम प्रशासन एसपी पटेल, सिटी मुकेश चंद्र, वित्त अरविंद शुक्ला आदि अधिकारी मौजूद रहे।