सुभाष नगर नाले की सफाई शुरू, मिलेगी जलभराव से मुक्ति
दैनिक जागरण के स्वच्छ मेरठ-स्वस्थ मेरठ अभियान के तहत गुरुवार को वार्ड 29 सुभाष नगर में विशेष सफाई कराई गई। अभियान में पहुंचे नगर निगम के अधिकारियों ने वार्ड में भ्रमण किया और जनता की समस्याएं सुनीं।
मेरठ, जेएनएन। दैनिक जागरण के 'स्वच्छ मेरठ-स्वस्थ मेरठ' अभियान के तहत गुरुवार को वार्ड 29 सुभाष नगर में विशेष सफाई कराई गई। अभियान में पहुंचे नगर निगम के अधिकारियों ने वार्ड में भ्रमण किया और जनता की समस्याएं सुनीं। सुभाष नगर नाले की सफाई शुरू कराई। साथ ही क्षेत्र को जलभराव से मुक्ति दिलाने का वादा किया। सुभाष नगर की गली नंबर एक से गुरुवार सुबह सात बजे विशेष सफाई अभियान की शुरुआत हुई। सफाई नायक सुनील मनोठिया के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों की टीमों ने सुभाष नगर की सभी 14 गलियों में झाड़ू लगाई और घर-घर से कचरा कलेक्शन किया। लोगों को कूड़ा गाड़ी में ही कचरा डालने के लिए जागरूक भी किया। सुबह 10 बजे सहायक नगर आयुक्त प्रथम ब्रजपाल सिंह और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. गजेंद्र सिंह अभियान में पहुंचे। उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद पवन चौधरी के साथ सफाई और समस्याओं का मौका मुआयना किया। साथ ही सुभाष नगर नाले की मैनुअल सफाई शुरू कराई। वहीं, इंदिरा चौक के पास मशीन लगाकर नाले से सिल्ट निकाली गई। नगर निगम अधिकारियों ने ठेकेदार को नाले की तलीझाड़ सफाई के निर्देश दिए। ताकि जलनिकासी तीव्र गति से संभव हो सके। इस दौरान उन्हें क्षेत्रीय पार्षद पवन चौधरी और स्थानीय लोगों ने समस्याओं से अवगत कराया। वहीं, सहायक नगर आयुक्त ब्रजपाल सिंह का कहना है कि वार्ड 29 सुभाष नगर नाले की सफाई मैनुअल शुरू करा दी गई है। ठेकेदार को नाले का पानी डायवर्ट कर तलीझाड़ सफाई का निर्देश दिया है। एक महीने बाद सुभाष नगर, हाशिमपुरा, लक्ष्मीनगर में नाले की वजह से होने वाले जलभराव की समस्या दूर हो जाएगी।
ये समस्याएं सामने आई
- वार्ड 29 में पुराना शौचालय जर्जर है।
- वार्ड में बना नया शौचालय चालू नहीं है।
- इंदिरा चौक पर सुभाष नगर नाले की पुलिया टूट गई है।
- बाजार वाले क्षेत्रों में नाले-नालियों पर अतिक्रमण है।
- वार्ड 29 की सीवर लाइन जगह-जगह चोक है।
अधिकारियों ने दिए ये आश्वासन
- सुभाष नगर नाले से अतिक्रमण हटेगा और पुलिया बनेगी।
- सीवर लाइन की सफाई के लिए जलकल विभाग को निर्देश दिया।
- जर्जर शौचालय के संबंध में जल्द निर्णय लिया जाएगा।
- नवनिर्मित शौचालय को जल्द चालू कराने की बात कही।