शहर में सफाई व्यवस्था चौपट, सड़क पर कूड़े के ढेर
होली के पर्व पर नगर निगम अधिकारियों ने बेहतर सफाई व्यवस्था के दावे किए थे लेकिन शहर कूड़े के ढेर से पट गया। गुरुवार को तो होली का अवकाश था पर शुक्रवार को भी कूड़ा स्थलों से कूड़ा नहीं उठा। जिसके चलते शहर में कूड़े के ढेर जगह-जगह लग गए।
मेरठ। होली के पर्व पर नगर निगम अधिकारियों ने बेहतर सफाई व्यवस्था के दावे किए थे लेकिन शहर कूड़े के ढेर से पट गया। गुरुवार को तो होली का अवकाश था पर शुक्रवार को भी कूड़ा स्थलों से कूड़ा नहीं उठा। जिसके चलते शहर में कूड़े के ढेर जगह-जगह लग गए।
होली के पर्व पर शहर में सफाई न होने से दिल्ली रोड में रामलीला ग्राउंड के सामने, गढ़ रोड पर राजकीय पशु चिकित्सालय के समीप सड़क पर, बागपत रोड, ट्रांसपोर्ट नगर, रिठानी, शताब्दी नगर में, हापुड़ रोड पर नाले के समीप कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लग गए थे। इसके अलावा शहर के 146 अस्थाई खत्तों पर भी कूड़ा जमा हो गया था। शुक्रवार को अवकाश से लौट कर नगर निगम के सफाई अमले को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करनी थी। लेकिन बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी, वाहन चालक काम पर नहीं लौटे। जिससे शहर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन तो प्रभावित हुआ ही, कूड़ा ढलाव घरों से कूड़ा उठाने ट्रैक्टर ट्रॉलियां भी कई स्थानों पर नहीं पहुंची। हालात ये रहे कि रामलीला ग्राउंड के सामने दिल्ली रोड पर कूड़े का अंबार लग गया। इसी तरह अन्य स्थानों पर भी कूड़े के ढेर लगे रहे। कूड़े का अंबार लगने से दुर्गध का माहौल है। कूड़ा ढलाव घर और अस्थाई खत्तों से उठती दुर्गध से वहां से गुजरने वाले लोग और आसपास निवास करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। होलिका दहन के बाद चौराहो, गलियों में राख पड़ी हुई है। जो हवा के झोंकों के साथ उड़कर आंखों में पड़ रही है। जिससे राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शहर में प्रतिदिन 800 मीट्रिक टन कूड़ा उत्पन्न होता है। जिसे डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, ट्रैक्टर ट्रॉलियों के माध्यम से लोहिया नगर डंपिंग ग्राउंड पहुंचाया जाता है।
स्टील के डस्टबिन फुल
शहर के प्रमुख बाजारों में लगाए गए स्टील के डस्टबिन होली के पर्व के पहले ही कूड़े से पट गए थे। लेकिन इनका कचरा भी उठाने कूड़ा गाड़ियां नहीं पहुंची। जिससे यह व्यवस्था भी फेल साबित हो रही है।
नगर आयुक्त ने लगाई सफाई निरीक्षकों को फटकार
सफाई व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को कैंप कार्यालय में शाम को नगर आयुक्त मनोज चौहान ने सफाई इंस्पेक्टरों की बैठक ली। जमकर फटकार लगाई। कहा कि शहर के कूड़ा ढलाव घरों पर कूड़ा नहीं दिखना चाहिए। कहा कि चुनाव का वक्त है, शहर में नियमित वार्डो में झाडू लगाने, नालियों की सफाई करने और कूड़ा उठाकर डंपिंग ग्रांउड लोहिया नगर पंहुचाने में लापरवाही करने पर संबंधित सफाई निरीक्षक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन:--
- सभी सफाई निरीक्षकों से रिपोर्ट मांगी गई है। जिन स्थानों पर सफाई नहीं हुई। कूड़ा नहीं उठाया गया। उससे संबंधित कर्मचारी से पूछताछ की जाएगी। होली के अवकाश पर कर्मचारी गए थे, कुछ लौटे नहीं है। जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है।
डॉ. गजेंद्र सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी।