ध्यानचंद नगर में सफाई हुई तो लोगों के चेहरे खिले
दिल्ली रोड स्थित मेजर ध्यान चंद नगर में गुरुवार को दैनिक जागरण का विशेष सफाई अभियान 'स्वच्छ मेरठ-स्वस्थ मेरठ' चला तो कुछ ही घंटों बाद वहां की सूरत बदल गई। नगर निगम के सफाई कर्मियों ने कूड़ा उठाने के बाद चूने का छिड़काव भी किया।
मेरठ। दिल्ली रोड स्थित मेजर ध्यान चंद नगर में गुरुवार को दैनिक जागरण का विशेष सफाई अभियान 'स्वच्छ मेरठ-स्वस्थ मेरठ' चला तो कुछ ही घंटों बाद वहां की सूरत बदल गई। नगर निगम के सफाई कर्मियों ने कूड़ा उठाने के बाद चूने का छिड़काव भी किया। वहीं स्थानीय लोगों ने कई समस्याएं गिनाई।
सफाई अभियान का शुभारंभ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. कुंवरसैन ने किया। दिल्ली रोड से लेकर सूर्या पैलेस तक सड़क व उसके आसपास की गलियों की सफाई की। काफी दिनों कूड़ा पड़ा था, जिसे सफाईकर्मियों ने वाहनों में भरकर डंपिंग ग्राउंड तक पहुंचाया। सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई की। सफाई बाद चूने का छिड़काव भी किया गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने लोगों की समस्याएं भी सुनी। इस मौके पर सफाई एवं खाद्य निरीक्षक विनोद कुमार, सफाई नायक महेश कुमार आदि उपस्थित रहे।
मुख्य सड़क में हुआ तीन फीट गहरा गड्ढा
ध्यानचंद नगर में सूर्या पैलेस को जाने वाली मुख्य सड़क में तीन-चार फीट गहरा गड्ढा हो गया है। अन्य कई जगह पर भी सड़क में गड्ढा है। यह गड्ढा लंबे समय से है लेकिन बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई। लोगों ने बताया कि ध्यान चंद नगर कालोनी एमडीए की है। एमडीए इस कालोनी को बसाकर भूल गया।
स्ट्रीट लाइट बनी शोपीस
ध्यानचंद नगर में कहने को तो कई जगह स्ट्रीट लाइट लगी है। लेकिन ये महज शोपीस बनकर रह गई हैं। अधिकांश स्ट्रीट लाइट पेड़ की शाखाओं व पत्तियों से ढक गई हैं, जो दिखाई भी नहीं देती। एमडीए को यहां के लोगों की समस्या के निस्तारण की फुर्सत नहीं है।
इन्होंने कहा
ध्यानचंद नगर कालोनी में सड़क निर्माण व अन्य आंतरिक विकास कार्य के लिए एस्टीमेट तैयार करने को कहा गया है। इस कालोनी को नगर निगम को हैंडओवर करने की भी तैयारी चल रही है।
-साहब सिंह, वीसी, एमडीए एमडीए यह कालोनी बसाकर भूल गया। सड़क खस्ताहाल है। कई-कई फीट गहरे गड्ढे सड़कों में हो गए हैं। कई बार सड़क निर्माण की मांग की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
-राजीव यहां सफाई की व्यवस्था भी भगवान भरोसे है। स्ट्रीट लाइट जो कभी जलती ही नहीं है। रात में अंधेरा व सड़क में गड्ढे होने की वजह से कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
-हेमंत यहां की स्थिति देखकर कोई इसे कालोनी नहीं कह सकता। बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। सड़क के नाम पर सिर्फ जगह-जगह गड्ढे हैं। कूड़े का ढेर लगा रहता है। एमडीए इस कालोनी को भूल गया है।
-अरुण