लिसाड़ी में हुई सफाई, जल निकासी समस्या का समाधान जल्द
वार्ड आठ के लिसाड़ी गांव में गुरुवार को दैनिक जागरण की ओर से विशेष सफाई अभियान चला। नालियों से सिल्ट निकाली गई और कूड़े को उठवाया गया। इस दौरान महापौर और अपर नगर आयुक्त ने लोगों की समस्याएं सुनीं। साथ ही तालाब की खोदाई कराने व जल निकासी के समाधान का आश्वासन दिया।
मेरठ । वार्ड आठ के लिसाड़ी गांव में गुरुवार को दैनिक जागरण की ओर से विशेष सफाई अभियान चला। नालियों से सिल्ट निकाली गई और कूड़े को उठवाया गया। इस दौरान महापौर और अपर नगर आयुक्त ने लोगों की समस्याएं सुनीं। साथ ही तालाब की खोदाई कराने व जल निकासी के समाधान का आश्वासन दिया।
दैनिक जागरण के विशेष सफाई अभियान स्वच्छ मेरठ स्वस्थ मेरठ का शुभारंभ महापौर सुनीता वर्मा और अपर नगर आयुक्त अमित कुमार सिंह ने किया। लिसाड़ी गांव के रानी अहिल्याबाई इंटर कॉलेज वाली गली में कुछ घरों के आगे वर्षो से कूड़े का ढेर लगा था। यहां पर जेसीबी चलाकर कूड़ा उठवाया गया। इस दौरान लोगों ने कहा कि जिस स्थान पर कूड़ा डाला जा रहा है वहां पर गड्ढा है, इसलिए कूड़ा उठवाने के बजाय उस पर मिट्टी डलवा दी जाए।
इस गली के साथ ही अन्य गलियों में नालियों की सफाई कराई गई। स्थानीय लोगों ने महापौर और अपर नगर आयुक्त को बताया कि वह जल निकासी न होने से परेशान हैं। रेलवे लाइन की वजह से जल निकासी नहीं हो पा रही है। तालाब अटा पड़ा है। पहले से ही लोग जलभराव से जूझ रहे हैं और वहां पर एक लांड्री से रोजाना पानी डाल दिया जाता है। इसकी वजह से नालियां उफन जाती हैं और गलियों में पानी भर जाता है। लोगों की समस्या पर महापौर व अपर नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि जल्द ही तालाब की सफाई कराई जाएगी। इसके साथ ही जल निकासी के स्थाई समाधान के लिए विकल्प देखा जाएगा।
लिसाड़ी का पानी करा सकता है दुर्घटना
वार्ड आठ के पार्षद धर्मवीर ने बताया कि उन्हें तीन जनवरी को रेलवे की ओर से एक पत्र मिला है। इसमें कहा गया है कि लिसाड़ी बस्ती का गंदा पानी रेलवे बाउंड्री में आ रहा है। इससे ट्रैक को नुकसान हो रहा है। भविष्य में रेल दुर्घटना होने की भी संभावना है। रेलवे ने पार्षद को चेतावनी दी है कि यदि इसकी वजह से कोई हादसा हुआ तो जिम्मेदारी पार्षद की होगी। पार्षद ने बताया कि उन्हें यह पत्र रेल प्रशासन, जेईई पी-वे हापुड़ के मुकेश शर्मा की ओर से मिला है। पार्षद ने यह पत्र महापौर व अपर नगर आयुक्त को भी दिखाया।
लिसाड़ी गांव लंबे समय से जल निकासी की समस्या से परेशान है। यदि रेलवे लाइन के नीचे कोई नाली बनाकर नाले से जोड़ दिया जाए तो लोगों को राहत मिल जाएगी।
-चरण सिंह लिसाड़ी
नालियां गंदगी से अटी रहती हैं, लेकिन सफाई नहीं होती। अगर समय पर सफाई हो तो इससे भी कुछ राहत मिल सकती है। नालियों की सिल्ट समय-समय पर निकाली जाए।
-महेंद्र सिंह
तालाब की सफाई हो जाए तो गलियों में पानी भरने के बजाय पानी इसमें जा सकता है। वहीं रेल लाइन के नीचे से होते हुए नाला निर्माण भी कराया जाना चाहिए।
-जगबीरी
नगर निगम को कई बार पत्र लिखा है, लेकिन जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई। यहां के लोग नरक वाली जिंदगी जीने को मजबूर हैं।
-जयपाल सिंह
तालाब की खोदाई व सफाई के लिए अपर नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया है। जल निकासी के लिए भी महापौर व अपर नगर आयुक्त को पत्र देंगे, जिससे जल्द समाधान हो सके। मेरा प्रयास है कि जल्द ही इस समस्या से छुटकारा दिलाया जा सके। गांव में साफ-सफाई नियमित रूप से कराई जाती है।
-धर्मवीर, पार्षद वार्ड-आठ