'नदी पुत्र' रमन त्यागी चुने गए अर्थ स्टार-2020
नदियों के संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य करने वाले रमनकांत त्यागी की मेहनत रंग लाई है। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विश्वभर में कार्य करने वाले अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय एनजीओ अर्थ-डे नेटवर्क ने नदियों और जलीय जीवन को संकट से मुक्त करने में दिए गए योगदान के लिए रमनकांत त्यागी को अर्थ स्टार-2020 चुना है।
मेरठ, जेएनएन। नदियों के संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य करने वाले रमनकांत त्यागी की मेहनत रंग लाई है। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विश्वभर में कार्य करने वाले अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय एनजीओ अर्थ-डे नेटवर्क ने नदियों और जलीय जीवन को संकट से मुक्त करने में दिए गए योगदान के लिए रमनकांत त्यागी को अर्थ स्टार-2020 चुना है।
रमन 20 साल से ज्यादा समय से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान दे रहे हैं। बता दें कि अमेरिका का यह एनजीओ 190 देशों में पर्यावरण संरक्षण पर कार्य करता है। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विशेष सहयोग करने वालों में से प्रत्येक वर्ष एक अर्थ स्टार चुनता है। इस उपलब्धि पर रमन ने कहा, यह सम्मान मिलना गर्व की बात है। यह भविष्य में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में और अधिक तत्परता व मेहनत से काम करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने बताया यह सम्मान प्रभाती करुणा सिंह व अनिल अरोरा ने प्रदान किया। द अर्थ-डे नेटवर्क से जुड़ने से दुनियाभर में पर्यावरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यो को जानने का अवसर मिलेगा।
डाकघर व लेटर बॉक्स को कराया सैनिटाइज
मेरठ : कोरोना वायरस से बचाव व रोकथाम के लिए बुधवार को डाकघर को सैनिटाइज कराया गया। शहर घंटाघर स्थित मुख्य डाकघर में टीम ने डाक विभाग परिसर व बाहर लगे लेटर बॉक्स को भी सैनिटाइज किया। डिप्टी पोस्टमास्टर रतन सिंह ने बताया कि सैनिटाइज करने के बाद ही बुधवार को कार्य शुरू कराया गया।
कोरोना पर पोस्टर बनाकर ऑनलाइन जागरूकता अभियान
मेरठ : बागपत बाईपास स्थित एमआइईटी के बीएड विभाग ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए एक ऑनलाइन जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने घर से ही ऑनलाइन सोशल मीडिया के माध्यम से 'कोरोना हारेगा और देश जीतेगा' विषय पर पोस्टर, चित्रकला और स्लोगन बनाकर जागरूक करने को कहा है। अभियान की कोऑर्डिनेटर संगीता जुयाल ने बताया कि छात्र-छात्राएं एक चेन सिस्टम की तरह पोस्टर, स्लोगन बनाकर उसे फेसबुक, वाट्सएप आदि के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा रहे हैं। उन लोगों से भी इन्हें ज्यादा से ज्यादा शेयर करने के लिए कहा जा रहा है। पोस्टरों के माध्यम से लोगों को बताया कि वह साबुन व साफ पानी से अपने हाथ दिन में कई बार धोएं। प्राचार्य डॉ. सचिन कौशिक ने कहा कि अभियान का उद्देश्य कोरोना वायरस को लेकर जागरूकता पैदा करते हुए सामाजिक संदेश देना है।