मुजफ्फरनगर में नकली नोट तस्कर की तलाश में चंडीगढ़ पुलिस की दबिश, सहारनपुर में भी मारा छापा
नकली नोट तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपित को रिमांड पर लेकर चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच ने शहर कोतवाली क्षेत्र के कई गांवों की खाक छानी।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। नकली नोट तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपित को रिमांड पर लेकर चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच ने शहर कोतवाली क्षेत्र के कई गांवों की खाक छानी। बाद में जानकारी हुई कि जिस बदमाश को पकडऩे के लिए वह पहुंचे हैं वास्तव में वह सहारनपुर जनपद का रहने वाला है। जिसके बाद चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच पुलिस सहारनपुर के लिए रवाना हो गई।
चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच ने आधी कीमत पर नकली करंसी खरीदकर उसे रात के समय दुकानों पर चलाने वाले युवक को मलोया बस स्टैंड चंडीगढ़ के समीप से गिरफ्तार किया था। आरोपित के पास से मौके पर 100-100 रुपये के छह नोट और उसके घर से 1600 रुपये के नकली नोट बरामद हुए थे। आरोपित की पहचान सेक्टर-38 वेस्ट के रहने वाले 20 वर्षीय प्रशांत गौतम के रूप में हुई थी। पुलिस ने कोर्ट से उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया था। चंडीगढ ऑपरेशन सेल ने आरोपित से 100-100 के छह नकली नोट बरामद किए। उसके घर से 1600 (100-100 के नोट) बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपित ने बताया था कि वह नकली नोट मुजफ्फरनगर से आधी कीमत में खरीदकर लाता था। जिसके बाद चंडीगढ क्राइम ब्रांच सरगना की तलाश के लिए मुजफ्फरनगर पहुंची। रविवार को चडीगढ़ क्राइम ब्रांच के उप निरीक्षक जगतार सिंह, सहायक उप निरीक्षक रमेश कुमार सहित हेका. अजय कुमार व अन्य पुलिस कर्मियों ने शहर कोतवाली में आमद दर्ज कराई। जिसके बाद वह रोहाना पुलिस चौकी क्षेत्र की ओर रवाना हो गए। काफी तलाशने के बाद चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच को जानकारी हुई कि सरगना की तलाश में उसे जिस डांडी गांव जाना है वह सहारनपुर जनपद के देवबंद कोतवाली क्षेत्र में आता है। जिसके उपरांत वह सहारनपुर के लिए रवाना हो गई।
इनका कहना है
किसी मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने रविवार को शहर कोतवाली पहुंचकर आमद कराई थी, लेकिन बाद में पता चला कि जिस गांव उसे जाना था वह सहारनपुर जनपद में लगता है। -दुर्गेश कुमार सिंह, एसपी क्राइम