18 से लगातार तीन दिन कोहरा पड़ने की संभावना
जलवायु की स्थितियां ऐसी बन रही हैं कि जल्दी जल्दी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। रविवार शाम बारिश के बाद सोमवार को जनपद के अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
मेरठ, जेएनएन। जलवायु की स्थितियां ऐसी बन रही हैं कि जल्दी जल्दी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। रविवार शाम बारिश के बाद सोमवार को जनपद के अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। तापमान में जल्द और गिरावट होगी। इस सप्ताह कोहरे और एक और बारिश का सामना लोगों को करना पड़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों ने 20 और 21 नवंबर को एक बार फिर से पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जतायी है। इसके प्रभाव से फिर से बारिश देखने को मिलेगी। वहीं मौजूदा समय में पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों के तापमान में खासी गिरावट की संभावना बन रही है। 17 नवंबर से मेरठ समेत एनसीआर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चले जाने के आसार हैं। कड़ाके की ठंड का सामना जनपद वासियों को करना पड़ सकता है। रविवार को सीजन के पहले पश्चिम विक्षोभ से बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने 3.8 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की। सोमवार को अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से पांच डिग्री कम था। हालांकि न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक 14.2 डिग्री रहा। कम दबाव के क्षेत्र के चलते ऐसा हुआ। महत्वपूर्ण बात यह है कि आगामी तीन दिनों में लगातार कोहरे की संभावना है। कृषि प्रणाली संस्थान के प्रधान मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष ने बताया कि 18, 19 और 20 नवंबर को कोहरा पड़ने की आशंका है। इससे प्रदूषण का कहर बढ़ेगा। वहीं, चिकित्सकों ने भी ऐसे उतार चढ़ाव वाले मौसम में विशेष सतर्कता बरतने का सुझाव दिया है। गर्म कपड़े पहनने और विशेष रूप से हृदय रोगियों को सुबह के समय सैर पर न निकलने की सलाह दी है।