विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में चेन लुटेरा और मुजफ्फरनगर में ड्रग तस्कर पुलिस मुठभेड़ में घायल; सवा करोड़ की स्मैक बरामद

By Vinod Phogat Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 13 Oct 2026 04:35 PM (IST)

मेरठ और मुजफ्फरनगर में हुई पुलिस मुठभेड़ों में दो बदमाश घायल हो गए और उनके दो साथी गिरफ्तार किए गए। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. मेरठ में चेन लूट के आरोपित हिमांशु और सावेज गिरफ्तार।

  2. मुजफ्फरनगर में स्मैक तस्कर उस्मान, बाबर, जहीर गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ और मुजफ्फरनगर में हुईं मुठभेड़ों में दो बदमाश घायल हो गए। मुजफ्फरनगर में तीन बदमाशों से सवा करोड़ रुपये की स्मैक बरामद की गई। 

रंगोली मंडप के पास महिला से लूटी थी चेन

नौचंदी थाना क्षेत्र की प्रयाग कॉलोनी निवासी चांदनी गत 8 अक्टूबर की शाम को पार्क में घूम कर वापस अपने घर जा रही थीं। जब वह रंगोली मंडप के पास पहुंचीं तो पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने चांदनी के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली थी।

पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया था। सोमवार को नौचंदी थाना पुलिस ने चेन लूट के एक बदमाश हिमांशु निवासी बेरीपुरा को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया था।

हिमांशु ने पूछताछ में अपने साथी सावेज निवासी जाकिर कॉलोनी का नाम बताया। पुलिस व स्वाट टीम ने सावेज की गिरफ्तारी को जाल बिछाया। पुलिस को सावेज के नौचंदी मैदान में छिपे होने की जानकारी मिली।

पुलिस व स्वाट टीम ने सावेज की घेराबंदी की तो उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो पैर में गोली लगने से सावेज घायल हो गया। सावेज के कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा व कुछ नकदी बरामद की है। घायल सावेज को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। जहां पर उसका उपचार किया जा रहा है l

मुजफ्फरनगर में बदमाश गोली लगने से हुआ घायल, दो अन्य भी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। मंगलवार को नई मंडी पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। दो अन्य उसके साथियों को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया पकड़ लिया।

आरोपितों के कब्जे से लगभग एक करोड़ 25 लाख की कीमत की 290 ग्राम स्मैक और तमंचा, कारतूस बरामद किए है। मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान उस्मान, निवासी मंगलोर हरिद्वार, बाबर और जहीर लंगड़ा निवासी सुजड़ू खालापार मुजफ्फरनगर के रूप में हुई।

मेरठ पुलिस ने पकड़ी चार लाख की आतिशबाजी

मेरठ। ब्रह्मपुरी पुलिस ने दीवाली पर बिक्री के लिए लाई गई करीब चार लाख रुपये की आतिशबाजी बरामद कर मनीष बंसल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सूचना पर माधवपुरम सेक्टर एक स्थित मनीष के घर छापा मारा गया, जहां बड़ी मात्रा में आतिशबाजी मिली।

पूछताछ में मनीष ने बताया कि उसने दीवाली पर बिक्री के लिए इसका भंडारण किया था। पुलिस ने आतिशबाजी कब्जे में ले ली। थाना प्रभारी राजेश कांबोज ने बताया कि आरोपित के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।