विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CCSU: यूजी-पीजी की बची सीटों पर एडमिशन का अंतिम अवसर, इच्छुक छात्र जल्द करें प्रवेश प्रक्रिया को पूरा

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 11 Sep 2026 05:34 PM (IST)

CCSU Admissions: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों की बची सीटों पर प्रवेश का अंतिम अवसर दिया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. पंजीकृत अभ्यर्थी 12-14 सितंबर तक हार्डकापी जमा करें।

  2. विश्वविद्यालय ने स्पोर्ट्स कोटे को लेकर भी निर्देश जारी किए 

जागरण संवाददाता, मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी) और परास्नातक (पीजी) पाठ्यक्रमों में बची सीटों पर प्रवेश का अंतिम अवसर दिया गया है।

विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को स्पष्ट किया है कि विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश से वंचित पंजीकृत अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों में दोबारा प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने का मौका मिलेगा।

विश्वविद्यालय के अनुसार परिसर विभागों व संबद्ध कालेजों में संचालित स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में बीपीईएस, एमपीईएस, बीएससी फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स, बीए एलएलबी, बीकाम एलएलबी और एलएलएम को छोड़कर तीन वर्षीय पाठ्यक्रमों और स्नातक-परास्नातक स्तर के सभी सर्टिफिकेट एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकृत लेकिन अभी तक अप्रवेशित अभ्यर्थी अपने पंजीकरण की हार्डकापी संबंधित परिसर विभाग या संबद्ध कालेजों में जमा करेंगे।

12 से 14 सितंबर तक जमा करनी होगी हार्डकापी

अभ्यर्थियों को अपनी पंजीकरण की हार्डकापी शुक्रवार 12 से 14 सितंबर तक संबंधित विभाग या कालेज में जमा करनी होगी। इसके बाद 15 सितंबर को प्राप्त पंजीकरण फार्मों के आधार पर संबंधित पाठ्यक्रम की अर्हता कक्षा की मार्क्स प्रतिशत में निर्धारित वेटेज जोड़कर, आरक्षण नियमों के अनुसार वरीयता सूची तैयार की जाएगी। इसमें वार्ड कोटा, एनसीसी, एनएसएस आदि वेटेज को भी शामिल किया जाएगा।

इसके आधार पर 16 सितंबर का एडमिशन आफर आफ शेड्यूल जारी किया जाएगा। इसके बाद 16 सितंबर की शाम प्रथम प्रतीक्षा सूची तैयार कर 17 सितंबर का एडमिशन आफर शेड्यूल जारी होगा। 17 सितंबर की शाम अंतिम प्रतीक्षा सूची तैयार करने के बाद 18 सितंबर का एडमिशन आफर शेड्यूल जारी होगा।

16 से 18 सितंबर तक दस्तावेजों की जांच और प्रवेश

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि 16, 17 और 18 सितंबर को संबंधित कालेज और परिसर विभाग एडमिशन आफर स्वीकार करने वाले अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं अन्य अभिलेखों की जांच करेंगे और इसके बाद प्रवेश की पुष्टि की जाएगी।

जिन अभ्यर्थियों ने पंजीकरण किया है, उन्हें 12 सितंबर से 14 सितंबर तक अपने पंजीकरण फार्म में एकेडमिक विवरण और वेटेज की जानकारी जांचने का अवसर दिया गया है। यदि किसी जानकारी में गलती है तो अभ्यर्थी अपनी लागिन
आइडी से लागिन कर उसे अपडेट कर सकेंगे।

स्पोर्ट्स कोटे की बची सीटें भी मेरिट में होंगी शामिल

विश्वविद्यालय ने स्पोर्ट्स कोटे को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। स्पोर्ट्स कोटे से प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट और प्रवेश पोर्टल पर पहले ही अपलोड की जा चुकी है। अब पाठ्यक्रमवार सीटों को छोड़कर स्पोर्ट्स कोटे के लिए आरक्षित बची सीटों को संबंधित पाठ्यक्रमों की सीटों में शामिल कर वरीयता सूची तैयार की जाएगी। विश्वविद्यालय ने परिसर विभागों व कालेजों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें।

इस सत्र में प्रवेश का अंतिम अवसर

सीसीएसयू ने स्पष्ट किया है कि सत्र 2026-27 में संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए यह अंतिम अवसर दिया जा रहा है। इसके बाद इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रक्रिया पूर्ण रूप से बंद कर दी जाएगी। विश्वविद्यालय ने परिसर विभागों और संबद्ध कालेजों से सभी रिक्त सीटों को निर्धारित समय में भरने के निर्देश दिए हैं।