विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डिफेंस और स्पेस में AI ट्रेनिंग का सुनहरा अवसर, CCSU ने छात्रों को किया प्रेरित... अंतिम तिथि 20 अक्टूबर

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 13 Oct 2026 05:30 AM (IST)

भारत अंतरिक्ष शिक्षा अनुसंधान केंद्र (BSERC) ने डिफेंस और स्पेस क्षेत्र में एडवांस्ड जनरेटिव एआई इंटर्नशिप 2026 के लिए पंजीकरण ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. BSERC द्वारा डिफेंस-स्पेस एडवांस्ड जनरेटिव एआई इंटर्नशिप शुरू।

  2. आवेदन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर, इंटर्नशिप 24 अक्टूबर से।

  3. विद्यार्थी, शिक्षक, प्रोफेशनल्स ₹750 शुल्क पर कर सकते हैं आवेदन।

जागरण संवाददाता, मेरठ। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रोफेशनल्स के लिए डिफेंस और स्पेस आधारित एआइ तकनीक से जुड़ने का अवसर है। भारत अंतरिक्ष शिक्षा अनुसंधान केंद्र (बीएसईआरसी) ने डिफ-स्पेस एडवांस्ड जनरेटिव एआइ इंटर्नशिप 2026 के लिए पंजीकरण शुरू कर दिया है। 15 दिवसीय इस आनलाइन इंटर्नशिप के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

बीएसईआरसी की ओर से जारी सूचना के अनुसार इंटर्नशिप का आयोजन 24 अक्टूबर से आठ नवंबर तक किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत शनिवार और रविवार को दोपहर 12 से तीन बजे तक प्रशिक्षण और प्रोजेक्ट से संबंधित गतिविधियों के लिए समय निर्धारित किया गया है। इसमें विद्यार्थी, शिक्षक, शोधार्थी, प्रोफेशनल्स और एआइ में रुचि रखने वाले अन्य लोग भी आवेदन कर सकते हैं। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने सभी विभागों और कालेजों को इसमें पंजीकरण कराने के निर्देश जारी किए हैं जिससे इसका लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों को मिल सके।

750 रुपये है पंजीकरण शुल्क
इंटर्नशिप के लिए पंजीकरण शुल्क 750 रुपये निर्धारित किया गया है जो वापस नहीं होगा। प्रशिक्षण या इंटर्नशिप के लिए इसके अतिरिक्त कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। कार्यक्रम में कोई स्टाइपेंड यानी मानदेय देने का प्रावधान नहीं है। इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिया जाएगा। प्रतिभागियों को डिफ-स्पेस एआइ टेक इंटर्न की भूमिका दी जाएगी।

आनलाइन करना होगा आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी बीएसईआरसी की वेबसाइट https://ai.bserc.org/ पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। वहीं शिक्षकों, शोधार्थियों, कंपनियों और प्रोफेशनल्स के लिए मेंटर के रूप में पंजीकरण की अलग व्यवस्था की गई है। इसके लिए https://bserc.org/bsercinternship/mentor-registration पर आवेदन किया जा सकता है।

बीएसईआरसी ने शैक्षणिक संस्थानों, विभागों और विश्वविद्यालयों से भी इस सूचना को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर साझा करने और विद्यार्थियों तक पहुंचाने का अनुरोध किया है। सीसीएसयू के प्रेस प्रवक्ता और गणित विभाग के प्रोफेसर मुकेश कुमार शर्मा के अनुसार इस तरह के आयोजन युवाओं को टेक्नोलाजी से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं और बहुत कुछ सीखने और जुड़ने का अवसर भी मिलता है।