विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CCSU : बीपीईएस और एमपीईएस में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 24 सितंबर को बनेगी पहली मेरिट

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 24 Sep 2026 06:15 AM (IST)

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में बीपीईएस और एमपीईएस पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसकी पहली मेरिट सूची 24 सितंबर को जारी की जाएगी।

News Article Hero Image

HighLights

  1. बीपीईएस और एमपीईएस प्रवेश प्रक्रिया चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में शुरू।

  2. शारीरिक दक्षता परीक्षा के आधार पर 24 सितंबर को पहली मेरिट सूची।

जागरण संवाददाता, मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर व संबद्ध कालेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीपीईएस और एमपीईएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। प्रवेश शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल फिटनेस टेसट) में सफल अभ्यर्थियों की प्रथम वरीयता सूची के आधार पर किया जाएगा।

विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर भूपेंद्र सिंह राणा के अनुसार 24 सितंबर को विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध कालेजों में शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की प्रथम वरीयता सूची तैयार की जाएगी। इसमें संबंधित पाठ्यक्रम की अर्हता परीक्षा के अंक, वेटेज, एनसीसी या एनएसएस, सीसीएसयू से स्नातक और अन्य निर्धारित मानकों को शामिल किया जाएगा। आरक्षण नियमों का भी नियमानुसार पालन होगा।

विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश के लिए प्रथम वरीयता सूची में स्थान पाने वाले अभ्यर्थियों को 25 से 26 सितंबर तक प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए प्रवेश पोर्टल के माध्यम से कार्यक्रम जारी किया जाएगा। वहीं संबद्ध कालेज भी 24 सितंबर की शाम तक अपनी प्रथम वरीयता सूची के आधार पर 25 से 26 सितंबर तक का प्रवेश प्रस्ताव कार्यक्रम पोर्टल के माध्यम से जारी करेंगे।

26 सितंबर तक प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश
जिन अभ्यर्थियों को 25 से 26 सितंबर के बीच प्रवेश प्रस्ताव (एडमिशन आफर) स्वीकार करना होगा। उनके शैक्षणिक एवं अन्य अभिलेखों का सत्यापन संबंधित विश्वविद्यालय परिसर व कालेज करेंगे। विश्वविद्यालय ने संबंधित संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि 26 सितंबर तक इच्छुक अभ्यर्थियों का प्रवेश सुनिश्चित कर लिया जाए।

विश्वविद्यालय ने प्रवेश प्रक्रिया को समझने के लिए प्रवेश पोर्टल पर एक पीपीटी भी उपलब्ध कराई है। अभ्यर्थियों और संबंधित संस्थानों को इसे देखने की सलाह दी गई है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि वरीयता सूची में स्थान नहीं पाने वाले अभ्यर्थियों के नाम पोर्टल पर अपलोड नहीं किए जाएंगे। ऐसे अभ्यर्थियों के लिए समीक्षा प्रक्रिया के माध्यम से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यूजी, पीजी व एलएलबी में भी आज से दो दिन प्रवेश
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध कालेजों में स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों और एलएलबी के सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए फिर से खुले पंजीकरण पूरे हो चुके हैं। विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराने के बाद अपने पंजीकरण फार्म की हार्ड कापी संबंधित विभाग व कालेज में जमा करा दिए हैं।

जमा फार्म के आधार पर कालेजों ने बुधवार को मेरिट सूची कर 24 व 25 सितंबर के लिए प्रवेश आफर लेटर जारी कर दिए हैं। विद्यार्थी अपने डैशबोर्ड पर आफर लेटर देख व स्वीकार करने के बाद संबंधि विभाग व परिसर में कागजातों की जांच करा प्रवेश प्रक्रिया पूरी करेंगे। कालेजों को 26 सितंबर तक हुए प्रवेश को अनिवार्य रूप से कन्फर्म करना होगा।