CCSU : बीपीईएस-एमपीईएस में प्रवेश के लिए अंतिम मौका, तीन से पांच अक्टूबर तक होंगे प्रवेश
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में बीपीईएस और एमपीईएस पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश का तीसरा और अंतिम चरण शुरू हो रहा ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
बीपीईएस-एमपीईएस प्रवेश का तीसरा और अंतिम चरण शुरू।
प्रवेश प्रक्रिया आगामी 3 से 5 अक्टूबर तक पूरी करनी होगी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कालेजों में शैक्षिक सत्र 2026-27 के बीपीईएस और एमपीईएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश का तीसरा और अंतिम चरण शुरू होने जा रहा है।
विश्वविद्यालय ने शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल फिटनेस टेस्ट) में सफल अभ्यर्थियों के लिए तीसरी एवं अंतिम वरीयता सूची और प्रवेश प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय के अनुसार एक अक्टूबर को विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध कालेजों में शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की सूची के आधार पर तीसरी व अंतिम मेरिट तैयार की जाएगी। इसमें वार्ड कोटा, एनसीसी या एनएसएस, सीसीएसयू से स्नातक और अन्य निर्धारित मानकों के वेटेज को शामिल किया जाएगा।
तीन अक्टूबर से प्रवेश पत्र जारी होंगे
विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश के लिए तीसरी एवं अंतिम वरीयता सूची में स्थान पाने वाले अभ्यर्थियों को तीन से पांच अक्टूबर तक प्रवेश पोर्टल पर प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। इसी अवधि में संबद्ध कालेजों में अंतिम वरीयता सूची में स्थान पाने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी प्रवेश आफर शेड्यूल जारी होगा। इसके बाद तीन से पांच अक्टूबर तक प्रवेश आफर स्वीकार करने का मौका दिया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध कालेजों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि में अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया को समझने के लिए एक पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) उपलब्ध कराया गया है। कालेजों को प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने से पहले इस प्रस्तुति का अवलोकन करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन कालेजों में प्रवेशार्थियों की सूची उपलब्ध नहीं कराई गई है, उन्हें विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर सूची उपलब्ध होने तक प्रतीक्षा करने को कहा गया है। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित कालेजों को विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार प्रवेश शुल्क जमा कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा।
