33 हजार से अधिक स्कूल; 65 से अधिक विषय और 34 से अधिक स्किल माड्यूल... सीबीएसई कर रहा skill edu. की बड़ी पहल
सीबीएसई ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप एक समर्पित डिजिटल स्किल एजुकेशन पोर्टल शुरू किया है। यह पोर्टल 33 हजार ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
समर्पित डिजिटल स्किल एजुकेशन पोर्टल हुआ लॉन्च।
90 लाख से अधिक छात्र 65 स्किल विषयों में पंजीकृत।
कौशल, तकनीकी दक्षता और करियर तैयारी पर जोर।
जागरण संवाददाता, मेरठ। सीबीएसई ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और एनसीएफ-एसई 2023 के अनुरूप डिपार्टमेंट आफ स्किल एजुकेशन का समर्पित डिजिटल पोर्टल शुरू किया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल, तकनीकी दक्षता और करियर के लिए तैयार करना है। सीबीएसई के https://skilleducation.cbseit.in पोर्टल से देश-विदेश के 33,127 से अधिक स्कूल जुड़े हैं और 90.46 लाख से अधिक विद्यार्थी स्किल विषयों में पंजीकृत हैं।
सीबीएसई 65 से अधिक स्किल विषय और 34 से अधिक स्किल माड्यूल उपलब्ध करा रहा है। कक्षा छह से आठवीं में कौशल बोध और कक्षा नौवीं में कौशल विकास पुस्तकों के माध्यम से गतिविधि आधारित सीखने पर जोर है। एआइ, डिजिटल सिटीजनशिप और एजुकेशनल टेक्नोलाजी के बूटकैंप भी आयोजित किए जा रहे हैं। शिक्षकों के लिए कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम, स्किल एक्सपो और विभिन्न प्रतियोगिताएं भी पोर्टल का हिस्सा हैं।
सीबीएसई के स्किल एजुकेशन विभाग की ओर से छह से आठवीं तक के विद्यार्थियों को शुरुआती स्तर पर व्यावहारिक अनुभव देने के लिए स्किल माड्यूल संचालित किए जाते हैं। इस स्तर पर कौशल बोध पुस्तकों के माध्यम से गतिविधि आधारित सीखने पर जोर है। कक्षा नौवीं और 10वीं में विद्यार्थियों को व्यवस्थित स्किल विषयों के जरिए तकनीकी और व्यावहारिक दक्षता हासिल करने का अवसर मिलता है। कक्षा नौवीं के लिए कौशल विकास पुस्तक श्रृंखला शुरू की गई है। वहीं कक्षा 11वीं और 12वीं में विद्यार्थियों को उच्च स्तर के कौशल विषयों से जोड़ा जाता है, जिनका संबंध आगे की उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों से भी है।
स्किल एक्सपो से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका
पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं और आयोजनों से भी जोड़ा जा रहा है। इनमें स्किल एक्सपो एंड गाइडेंस फेस्टिवल, यंग इंडिया कलिनरी चैंपियनशिप, साइबर हाइजीन माडल यूनाइटेड नेशंस (एमयूएन) और फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआइ) से जुड़े डिजाइन प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
सात प्रमुख क्षेत्रों पर विभाग का फोकस
सीबीएसई के स्किल एजुकेशन विभाग की कार्ययोजना में जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम और मूल्यांकन विकसित करना, शिक्षकों को प्रशिक्षित करना, उद्योग व शिक्षण संस्थानों के साथ साझेदारी बढ़ाना, समुदाय आधारित क्लस्टर माडल विकसित करना, आनलाइन व ब्लेंडेड लर्निंग को बढ़ावा देना, कौशल प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराना और शोध के माध्यम से कार्यक्रमों की प्रभावशीलता का आकलन करना शामिल है।
सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर सुधांशु शेखर के अनुसार स्कूल स्तर पर कौशल शिक्षा का विस्तार विद्यार्थियों को पारंपरिक विषयों के साथ समस्या समाधान, तकनीकी दक्षता, संचार, रचनात्मकता, टीमवर्क और कार्यस्थल की आवश्यकताओं से परिचित कराने में मदद कर सकता है। नए पोर्टल के माध्यम से पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं, बूटकैंप और विभिन्न ई-सेवाओं को एक डिजिटल मंच पर लाने से स्कूलों के लिए भी जानकारी और संसाधनों तक पहुंच आसान होगी।
