विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CBSE: ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ का पाठ पढ़ाएंगे स्कूल, होंगे कई आयोजन

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 26 Oct 2026 05:43 PM (IST)

सीबीएसई संबद्ध स्कूलों में 1 नवंबर तक 'समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा' थीम पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सीबीएसई स्कूलों में एक नवंबर तक मनाया जाएगा सतर्कता जागरूकता सप्ताह, ईमानदारी की दिलाई जाएगी शपथ।

  2. दो नवंबर तक स्कूलों को भेजनी होगीकार्यक्रम रिपोर्ट, थीम ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ पर होंगी विभिन्न गतिविधियां।

जागरण संवाददाता, मेरठ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध स्कूलों में विद्यार्थियों के बीच सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। बोर्ड की ओर से सोमवार को जारी निर्देशों के अनुसार एक नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जाएगा।

इस वर्ष इसकी थीम ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ रखी गई है। सीबीएसई ने स्कूलों के प्रधानाचार्यों से सप्ताह के दौरान शैक्षिक और जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित करने को कहा है।

बोर्ड के अनुसार स्कूलों में थीम से संबंधित बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगाए जाएंगे। विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को ‘इंटीग्रिटी प्लेज’ यानी सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई जाएगी। वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए भ्रष्टाचार के सामाजिक प्रभाव और राष्ट्रीय विकास पर इसके दुष्परिणामों को लेकर जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को भी नैतिक मूल्यों, सत्यनिष्ठा और ईमानदारीपूर्ण कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसमें युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर रहेगा।

निबंध, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताओं से जुड़ेंगे विद्यार्थी

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत स्कूलों में व्याख्यान, पैनल चर्चा, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन, स्लोगन लेखन, भाषण, कार्टून और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी। इसके अलावा विषय से संबंधित सेमिनार और कार्यशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को नैतिकता, सुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व से परिचित कराया जाएगा।

दो नवंबर तक अपलोड करनी होगी रिपोर्ट

सीबीएसई ने स्कूलों को आयोजित गतिविधियों की संक्षिप्त रिपोर्ट और उनके फोटो दो नवंबर तक निर्धारित गूगल फार्म पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड ने सभी स्कूलों से इन गतिविधियों को सार्थक तरीके से आयोजित करने और विद्यार्थियों सहित सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। बोर्ड का मानना है कि इस तरह की पहल से विद्यार्थियों में शुरुआती स्तर से ही सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे मूल्यों को विकसित करने में मदद मिलेगी।