विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CBSE Board Exam 2027: 10वीं-12वीं के सैंपल पेपर जारी, बिना बदलाव के होगा परीक्षा पैटर्न

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 24 Sep 2026 01:34 PM (IST)

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं के सैंपल क्वेश्चन पेपर और मार्किंग ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. विद्यार्थियों को मिलेगा पेपर पैटर्न और मूल्यांकन का स्पष्ट खाका।

  2. परीक्षाओं के लिए तैयारी में सहायक, तीन घंटे में करें पूरा पेपर हल।

जागरण संवाददाता, मेरठ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं के सैंपल क्वेश्चन पेपर (एसक्यूपी) और मार्किंग स्कीम जारी कर दिए हैं। इनका उपयोग विद्यार्थी आगामी 2027 की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए कर सकेंगे। बोर्ड की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इस सत्र की बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र डिजाइन, मूल्यांकन व्यवस्था और उत्तीर्ण होने के मानकों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

सीबीएसई के आधिकारिक अकादमिक पोर्टल पर विषयवार सैंपल पेपर और उनकी मार्किंग स्कीम उपलब्ध कराई गई है। सैंपल पेपर विद्यार्थियों को परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रश्नों के स्वरूप, प्रश्नों की संख्या, विभिन्न खंडों, अंक विभाजन और आंतरिक विकल्पों को समझने में मदद करेंगे। बोर्ड ने विद्यार्थियों को केवल रटने के बजाय विषय की समझ विकसित करने और अवधारणाओं को वास्तविक जीवन की परिस्थितियों से जोड़कर हल करने पर जोर दिया है।

प्रश्नों के अलग-अलग स्वरूप समझ सकेंगे विद्यार्थी

सैंपल पेपर में विद्यार्थियों को बहुविकल्पीय प्रश्न (एमसीक्यू), कथन-कारण, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय, दीर्घ उत्तरीय तथा केस आधारित और स्रोत आधारित प्रश्नों का अभ्यास करने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों को वास्तविक परीक्षा के दौरान प्रश्नों को समझने और उत्तर लिखने की रणनीति बनाने में मदद मिलेगी। मार्किंग स्कीम भी विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण होगी। इसके माध्यम से यह समझा जा सकेगा कि किसी उत्तर में किन बिंदुओं के आधार पर अंक दिए जाएंगे। गणित और विज्ञान जैसे विषयों में आवश्यक चरण, सूत्र, गणना, चित्र और तार्किक प्रक्रिया के आधार पर अंक दिए जाने की जानकारी भी विद्यार्थियों को मिलेगी।

10वीं में गणित से लेकर भाषाओं तक के पेपर

कक्षा 10वीं के लिए गणित बेसिक और स्टैंडर्ड, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी लैंग्वेज एंड लिटरेचर, अंग्रेजी कम्युनिकेटिव, हिंदी कोर्स-ए और कोर्स-बी सहित प्रमुख विषयों के सैंपल पेपर जारी किए गए हैं। इसके अलावा कंप्यूटर एप्लीकेशन, गृह विज्ञान, बुक कीपिंग एवं अकाउंटेंसी, बिजनेस, एनसीसी, पेंटिंग और संगीत सहित विभिन्न वैकल्पिक व कौशल आधारित विषय भी शामिल हैं। संस्कृत, अरबी, फ्रेंच, जर्मन, जापानी, पंजाबी, उर्दू और विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं के विषयों के लिए भी विद्यार्थियों को सैंपल पेपर उपलब्ध कराए गए हैं। प्रमुख विषयों में 80 अंक की बोर्ड परीक्षा और 20 अंक का आंतरिक मूल्यांकन व्यवस्था के अनुरूप तैयारी करनी होगी।

यह भी पढ़ें- NCERT: छात्रों का इंतजार खत्म, मैथ को दैनिक जीवन से जोड़कर समझने पर जोर देने वालीकक्षा 9 की ‘गणित मंजरी’ भाग-2 उपलब्ध

12वीं में सभी प्रमुख स्ट्रीम शामिल

कक्षा 12वीं के विज्ञान वर्ग में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, एप्लाइड गणित, कंप्यूटर विज्ञान, इन्फार्मेटिक्स प्रैक्टिसेज और जैव प्रौद्योगिकी जैसे विषयों के सैंपल पेपर जारी किए गए हैं। वाणिज्य वर्ग में अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, अर्थशास्त्र और उद्यमिता शामिल हैं। मानविकी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र और लीगल स्टडीज के पेपर उपलब्ध हैं। इसके साथ ही अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, शारीरिक शिक्षा, ललित कला और विभिन्न विदेशी व क्षेत्रीय भाषाओं के विषय भी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- CBSE Exams 2027: एग्जाम पैटर्न में बदलाव नहीं, पुराना नियम लागू; सोशल मीडिया की अफवाहों से बचें 10वीं-12वीं के छात्र

तीन घंटे में करें पूरा पेपर हल

विद्यार्थियों को सैंपल पेपर का अभ्यास बोर्ड परीक्षा की तरह करने की सलाह दी गई है। पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद विद्यार्थी बिना किताब या नोट्स देखे निर्धारित तीन घंटे में पूरा पेपर हल करें। इसके बाद मार्किंग स्कीम से अपने उत्तरों का मिलान करें और देखें कि कहां आवश्यक तथ्य, चरण या व्याख्या छूट गई। महावीर ग्रुप आफ स्कूल्स के निदेशक असीम कुमार दुबे के अनुसार विद्यार्थियों को ‘हल करें, जांचें और सुधारें’ की रणनीति अपनानी चाहिए।

केवल सैंपल पेपर को बार-बार हल करने के बजाय गलतियों का विश्लेषण करना अधिक उपयोगी होगा। सीबीएसई ने यह भी स्पष्ट किया है कि सैंपल पेपर को अंतिम परीक्षा में पूछे जाने वाले संभावित प्रश्नों की सूची न माना जाए। यह मुख्य रूप से प्रश्नपत्र की संरचना, प्रश्नों के स्वरूप और मूल्यांकन पद्धति को समझने के लिए मार्गदर्शक है। विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम और निर्धारित पुस्तकों की पूरी तैयारी के साथ इन सैंपल पेपर का अभ्यास करना चाहिए।